
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 बिथान । प्रखंड कार्यालय स्थित पंचायत समिति सभा भवन में मंगलवार को आयोजित पंचायत समिति सदस्यों की बैठक खासी हंगामे दार रही। इस दौरान शान्तिपूर्ण प्रारंभिक औपचारिकताओं के बाद किसानों की समस्याओं और युरिया खाद की कालाबाजारी के मुद्दे पर सदन का माहौल गर्म हो गया।
प्रखंड कार्यालय स्थित पंचायत समिति सभा भवन में मंगलवार को पंचायत समिति सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रखंड प्रमुख ललिता देवी की अध्यक्षता में संपन्न बैठक का संचालन प्रखंड उप प्रमुख चन्द्रशेखर राय ने किया। बैठक में प्रखंड के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सबसे पहले पूर्व की बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सिंचाई, बिजली, कृषि, मनरेगा, आपूर्ति, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, पीएचईडी, बाल विकास, राजस्व विभाग, नल-जल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई।
युरिया खाद की कालाबाजारी के मुद्दे पर सदस्य नाराज :
बैठक में सबसे अहम मुद्दा किसानों से जुड़ा रहा। पंचायत समिति सदस्यों ने बिथान प्रखंड में यूरिया की भारी किल्लत और मनमानी कीमत वसूले जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। सदस्यों ने कहा कि यूरिया उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को इसकी कमी बताकर खाद नहीं दी जा रही है, जिससे खेती-किसानी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। साथ ही खाद की कालाबाजारी पर अविलंब रोक लगाने की मांग की गई।
प्रखण्ड प्रमुख भी दिखी ख्फा
प्रखंड प्रमुख ललिता देवी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान सदस्यों ने अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज सहित अन्य कार्यों में खुलेआम रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया। इस पर अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया और व्यवस्था में सुधार की मांग रखी गई।
बैठक में बिथान बाजार में वर्षों से बने मार्केट कॉम्प्लेक्स को अतिक्रमण मुक्त कर उसे जरूरतमंद लोगों के बीच आवंटित करने की मांग प्रमुखता से उठी। साथ ही प्रखंड क्षेत्र की मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने की भी मांग रखी गई। अधिकारियों ने शीघ्र अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया।
बीडीओ आफताब आलम ने बताया कि बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को पंचायत समिति सदस्यों द्वारा प्रमुखता से रखा गया है। सभी मुद्दों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कई अहम विषयों पर विभागीय अधिकारियों ने सहमति भी जताई है।
उन्होंने सभी सदस्यों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील की। बैठक में अंचल अधिकारी रूबी कुमारी, एमएलसी प्रतिनिधि अरविंद कुमार कुशवाहा, लरझा घाट थानाध्यक्ष राजकिशोर पंडित, पीओ सुनील कुमार निराला, डॉ. कुमुद कुमार सिंह, मुखिया उपेंद्र यादव, राजेश यादव, राजेश कुमार कुशवाहा, पंचायत समिति सदस्य मुकेश कुमार सिंह, भगवती देवी, शिवशंकर यादव आदि मौजूद थे।