
ओईनी न्यूजनेटवर्क।
ताजपुर। मंगलवार को ताजपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में महिला अभिभावकों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें बच्चो के सर्वांगीन विकास में विद्यालय परिवार के लिए माताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य माता-पिता, विशेषकर माताओं को बच्चों की परवरिश में निभाई जाने वाली अहम भूमिका के प्रति जागरूक करना था। विद्यालय परिवार ने माताओं से अपील की कि वे इस पहल का हिस्सा बनें और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। मुख्य अतिथि जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, समस्तीपुर जितेंद्र कुमार साह, ने सभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक हाजी मसूद हसन ने बताया कि माँ बच्चे की पहली पाठशाला होती हैं। इसलिए बच्चों के चरित्र, शिक्षा और समग्र विकास में माँ की भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण होती है। इसके साथ ही, उन्होंने अपने संबोधन में माताओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए सामाजिक सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की।

वहीं मुख्य अतिथि जितेंद्र कुमार साह ने केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और संरक्षण हेतु चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और आपातकालीन हेल्प लाईन नंबर 181 के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि एक सशक्त महिला ही समाज को सही दिशा में आगे ले जा सकती है। इस दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़ी एक विशेष बुकलेट भी वितरित की गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने साइंस ओलंपियाड फाउण्डेशन द्वारा आयोजित इंटरनेशनल इंग्लिश ओलंपियाड में उत्तीर्ण बच्चों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय परिवार ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर आशा सेवा संस्थान के सचिव अमित कुमार ने कहा डीपीएस ताजपुर की यह पहल न केवल अनोखी है बल्कि शैक्षणिक क्षेत्र में सुधार की दिशा में एक मजबूत कदम है। साथ ही सामाजिक जागरूकता और महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। मौके पर तरविंदर सिंह, नूतन कुमारी, विद्यालय प्राचार्य एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित थे।
