
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
विभूति कुमार।
Oini 24 समस्तीपुर। पूस की रात और सन–सन चलती पछुआ हवा के कहर की कल्पना कर के ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं। अजी रात की छोड़िए विगत कुछ दिनों से पूस का दिन भी सितम ढाने में कसर नहीं छोड़ रहा।
इसी बीच कड़ाके की ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित गायत्री चेतना केंद्र ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम महमदपुर देवपार पंचायत के भराव टोला में संपन्न हुआ, जहां ठंड से सर्वाधिक प्रभावित गरीब एवं असहाय परिवारों को कंबल उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम के दौरान गायत्री चेतना केंद्र के सदस्यों ने जरूरतमंद महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को कंबल देकर उन्हें ठंड से राहत प्रदान की। इस अवसर पर केंद्र के सदस्यों ने कहा कि भीषण ठंड के मौसम में गरीब परिवारों के लिए रात गुजारना बेहद कठिन हो जाता है, ऐसे में कंबल वितरण जैसे कार्य समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाते हैं।
केंद्र के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा और आने वाले दिनों में अन्य जरूरतमंद बस्तियों में भी सहायता पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने गायत्री चेतना केंद्र के इस मानवीय प्रयास की सराहना की और इसे अनुकरणीय बताया।
इस मौके पर सुधांशु कुमार ठाकुर, बसंत कुमार, राहुल कुमार, आनंद भूषण शर्मा, श्रुति कुमारी सहित गायत्री चेतना केंद्र के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने मिलकर समाज के कमजोर वर्गों की सेवा का संकल्प दोहराया।