
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। बुधवार को समाहरणालय परिसर सभा कक्ष में जिला पदाधिकार रौशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सबसे पहले नगर आयुक्त समस्तीपुर, एसडीम रोसरा एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण का आरंभ किया। तत्पश्चात जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने पौधा देकर नगर आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी का स्वागत किया।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार एवं सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी पवन कुमार सिंह ने प्रशिक्षण में जन्म मृत्यु अधिनियम 1969 एवं संशोधित अधिनियम 2023 तथा बिहार राज्य जन्म मृत्यु अधिनियम 1999 एवं संशोधित 2025 के सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही जन्म मृत्यु निबंधन के पूर्व तिथि एवं स्थान का साक्ष्य प्राप्त कर जांच प्रक्रिया का पालन करने, स्वास्थ्य संस्थान में घटित मृत्यु के केस में एमसीसीडी को पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के बारे में बताया गया।
इस दौरान प्रशिक्षकों ने कहा कि आज के समय में अधिकांश प्रसव स्वास्थ्य संस्थान में हो रहे हैं। ऐसे में ध्यान देना है कि कहीं बच्चे की उम्र कम करने के उद्देश्य से घर पर प्रसब होने की बात बातकर पंजीकरण तो नहीं करवाया जा रहा है।
ऐसे में गहनता से जन्मतिथि जांच कर ही बच्चे का पंजीकरण करें। प्रशिक्षण में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त समस्तीपुर अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, सभी स्वास्थ्य संस्थान के चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।
