
ओईनी न्यूजनेटवर्क। ।
समस्तीपुर। जिले के पूसा थाना क्षेत्र स्थित दिघरा में सोमवार की रात चोरों के तांडव से दहशत का माहौल है। इस क्रम में चोरों ने पहले एक घर को अपना निशाना बनाया, एक अन्य घर में भी हाथ साफ करने की कोशिश की लेकिन लोगों के जग जाने के कारण वे भाग निकले।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार दिघरा गांव निवासी अरुण कुमार शर्मा के पुत्र देवांशु देव के घर में सोमवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। अनुमान है कि इस दौरान चोरों ने लाखों रुपए के गहने और अन्य सामान गायब कर दिए। अहले सुबह लोगों ने घर का ताला टूटा हुआ देखा। इसके बाद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। मामले की जानकारी पूसा पुलिस को भी दी गई। जानकारी मिलने के बाद पूसा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा छानबीन में जुट गई।

बता दें कि गृहस्वामी देवांशु देव बाहर रहकर नौकरी करते हैं था उनके परिवार के अन्य लोग मुजफ्फरपुर में रहते हैं। आशंका जताई जा रही है कि घर को खाली पा कर चोरों ने उसे अपना निशाना बनाया। वहीं दूसरी ओर गांव के ही एक अन्य व्यक्ति ललन कुमार के घर में भी बीती रात चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। समाचार प्रेषण तक कितने रुपए मूल्य के संपत्ति की चोरी हुई है इसका आकलन नहीं किया जा सका था।

वहीं भागने के क्रम में चोर दिघरा चौक स्थित औद्योगिक उच्च विद्यालय दिघरा में भी हाथ साफ किया तथा कंप्यूटर कक्ष का ताला तोड़ 10 सेट कंप्यूटर व यूपीएस ले उडे। इस बाबत जानकारी देते हुए विद्यालय के प्राचार्य अनंत कुमार ने बताया कि चोरों ने 10 सेट कंप्यूटर की चोरी कर ली है। उन्होंने बताया कि पूसा थाना को एक आवेदन दे दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक इसके पुर्व भी इस विद्यालय में चोरी हो चुकी है। मगर आज तक चोरी गये सामानों की छोडिये कोई सुराग भी पुलिस के हाथ नहीं लगा है।