
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। आईसीडीएस योजना समाज के सबसे कमजोर वर्ग—महिलाओं और बच्चों—के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके प्रभावी क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।
समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में मंगलवार को आयोजित आईसीडीएस (समेकित बाल विकास सेवा) योजना से संबंधित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने उक्त बातें कही।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित हों तथा लाभुकों को सरकार द्वारा निर्धारित सेवाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए।
आईसीडीएस की इस समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी श्री कुशवाहा ने जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, पोषाहार वितरण, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को दी जा रही सेवाओं, टीकाकरण, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा तथा बच्चों के पोषण स्तर की विस्तार से समीक्षा की गई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने पोषाहार की गुणवत्ता, समयबद्ध आपूर्ति एवं वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनके लिए विशेष निगरानी एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। साथ ही आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं को अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं सक्रियता से निर्वहन करने की बात कही।
बैठक में श्री कुशवाहा ने यह भी निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का नियमित अनुश्रवण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।