
ओईनी न्यूज नेटवर्क
दलसिंहसराय। 8 फरवरी को मिठाई बनाने के लिए घर से बाइक लेकर निकले तीन दोस्तों में एक का शव विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के मधुपाकर चौर से 9 फरवरी को बरामद हुआ था। परिजनों ने इस मामले में मृतक के दोनों दोस्त पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराया था। इस मामले का सफल उद्भेदन हो गया है।

इस बाबत मंगलवार को प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुनि. शिवपूजन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर पिंकी प्रसाद, विद्यापति नगर थाना के ध्यानाध्यक्ष फिरोज आलम, आदि की अनुसंधान इकाई ने दोनों आरोपियों क्रमश: विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के सिमरी निवासी धर्मेंद्र महतो के पुत्र राम विनय महतो और रामानंद राय के पुत्र अनिल कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनो ने बताया कि वह मृतक गांव के ही जगरनाथ साह के पुत्र सुरेश साह साथ उसी के बाइक से मिठाई बनाने निकले थे। इसी दौरान रास्ते में तीनों ने एक स्थान पर शराब पी थी। मृतक सुरेश बाइक चला रहा था। इसी बीच हलई थाना क्षेत्र के इंद्रवारा के पास सड़क किनारे बिजली पोल के टाना तार से बाईक टकड़ा गया। उस घटना में सुरेश का पैर बुरी तरह टूट गया। हम दोनों भी घायल हो गए।

हम किसी तरह सुरेश को बाइक पर लादकर घर के लिए निकले। मगर उसकी बिगडती स्थिति को देखकर हम दोनों घबरा गए। इलाज का खर्चा देने और केस में फंसने के डर से हम ने गला दबाकर सुरेश की हत्या कर दी और चौर में शव को फेक कर फरार हो गए।
डीएसपी ने बताया कि दोनों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायलय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।