
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क विद्यापतिनगर। विद्यापतिधाम केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी है। उन्होंने जोर दिया कि यहां आने वाले अतिथियों व श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीनियर डिप्टी कलेक्टर राजेश कुमार ने विद्यापति राजकीय महोत्सव को लेकर विद्यापतिधाम कार्यक्रम स्थल व सुविधाओं का निरीक्षण करने के दौरान उक्त बातें कही। उन्होंने पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, सड़क संपर्क और पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
बताते चलें कि विद्यापति समारोह के तारीखों की घोषणा के साथ ही तैयारियों को लेकर प्रशासनिक चहलकदमी तेज हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार एवं राजेश कुमार ने विद्यापति राजकीय महोत्सव को लेकर विद्यापतिधाम कार्यक्रम स्थल व सुविधाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्मारक चैक स्थित विद्यापति स्मारक, मंदिर परिसर, रेलवे स्टेशन के समीप निर्धारित कार्यक्रम स्थल आगन्तुकों की सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत संरचनाओं का गहन जायजा लिया। अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
12, 13 और 14 जनवरी को आयोजित तीन दिवसीय विद्यापति राजकीय महोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मद्देनजर उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने ने मंदिर प्रबंधन समिति और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। इस निरीक्षण के दौरान विद्यापतिधाम मंदिर के अध्यक्ष सह अनुमंडलाधिकारी किशन कुमार, राजस्व अधिकारी अरुण कुमार शर्मा, विद्यापति परिषद अध्यक्ष गणेश गिरि कवि, रत्न शंकर भारद्वाज, हरिओम गिरि, कैलाश पासवान, नवीन गिरि, दीनदयाल गिरि, धर्मराज सिंह, नवल गिरि, प्रवीण गिरि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।