
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। बिहार में योगी मॉडल नहीं चलेगा। यदि एनडीए सरकार बिहार में ‘योगी मॉडल’ लागू करने का सपना देख रही है तो यह खुद एनडीए के लिए बहुत बुरी खबर है। क्योंकि यह गौतम बुद्ध और लोकनायक जयप्रकाश व जननायक कर्पूरी ठाकुर की धरती है।
भाकपा माले जिला स्थाई समिति सदस्य जीबछ पासवान ने मंगलवार को स्टेशन चौक पर एक सभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि यहां उनका यह बुलडोजर राज का सपना कभी साकार नहीं होगा। यह बिहार की सामाजिक एकता और लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है और इसका जोरदार व व्यापक प्रतिरोध किया जाएगा।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा की नवादा माॅब लिंचिंग की घटना बिहार में कथित कानून के शासन पर गंभीर सवाल खड़ी करती है। यह घटना भाजपा द्वारा बिहार में लगातार बनाए जा रहे सांप्रदायिक व उन्मादी माहौल का ज्वलंत उदाहरण है।
बताते चलें कि नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र स्थित भट्टा गांव में फेरीवाले मोहम्मद अतहर हुसैन की बर्बर मॉब लिंचिंग एवं गरीबों पर बुलडोजर कारवाई के खिलाफ भाकपा माले ने प्रतिवाद मार्च और स्टेशन चौक पर सभा का आयोजन किया।
इस क्रम में मंगलवार को बड़ी संख्या में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडा, बैनर एवं मांगों से संबंधित नारे लिखी तख्तियां थामे जोर-जोर से नारे लगाते हुए प्रतिवाद मार्च निकाला। मार्च बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए स्टेशन चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।
सभा की अध्यक्षता करते हुए भाकपा माले जिला स्थाई समिति सदस्य जीबछ पासवान ने कहा कि गृह मंत्री सम्राट चौधरी के कार्यभार संभालने के बाद राज्य में मॉब हिंसा और बुलडोजर कारवाई में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। इसे सहन नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि मोहम्मद अतहर हुसैन को केवल मुस्लिम होने के कारण घेरकर उसे अमानवीय यातनाएँ दी गईं। उसे बेरहमी से पीटा गया, गर्म औजार से दागा गया, कान काटे गए, उंगली तोड़ी गई और उनके प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डाला गया। अधमरी हालत में छोड़ दिए जाने के बाद उल्टे उसी पर चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज किया गया। इलाज के दौरान 12 दिसंबर 2025 को उनकी मौत हो गई।
इस प्रकार की प्रत्येक घटना के लिए और घटना के कारण मौत केलिए सीधे तौर पर पुलिस विभाग, जिला प्रशासन और चिकित्सकीय लापरवाही इस जिम्मेदार है।
उन्होंने मो० अतहर के हत्या में शामिल तमाम दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर सजा देने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा, न्याय और पर्याप्त मुआवजा देने, अतहर पर दर्ज झूठा मुकदमा को रद्द और दोषी पुलिसकर्मियों व अधिकारियों पर कारवाई करने, बुलडोजर कारवाई और भीड़तंत्र पर रोक लगाने, गृह मंत्री सम्राट चौधरी से कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की।
मौके पर जिला कमिटी सदस्य अमित कुमार, दिनेश कुमार, महावीर पोद्दार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अनिल चौधरी, जयंत कुमार, उपेंद्र राय, रामचंद्र पासवान, राज कुमार चौधरी, सुनील कुमार, गंगा प्रसाद पासवान समेत दीपक यदुवंशी, रोहित कुमार, शमीम मंसूरी, एजाज अली, मो० फरहान, आरती सहनी, कुन्दन राम, राम प्रसाद समेत बड़ी संख्या में भाकपा माले एवं इंसाफ मंच के कार्यकर्ता मौजूद थे।