
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । रविवार को श्रम संसाधन विभाग, बिहार पटना के तत्वाधान में जिला नियोजनालय, समस्तीपुर के द्वारा जिला स्तरीय एक दिवसीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम जिला नियोजन पदाधिकारी सुमित कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त संदीप शेखर प्रियदर्शी का पौधा दे कर स्वागत किया। तदुुपरान्त मुख्य अतिथि सहित आगत अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेला का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर, जिला मतस्य पदाधिकारी निवाजुद्दीन, कारखाना निरीक्षक मनोज कुमार, राजीव कुमार एवं, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राकेश कुमार उपस्थित थे। इसके बाद कुशल युवा के छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कुशल युवा केन्द्र के मेधावी छात्रों एवं कुशल केन्द्र के संचालकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

मेले में लगभग 2000 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। हैदराबाद की कंपनी शिवशक्ति एग्रीटेक लिमिटेड सहित कुल 28 नियोजकों ने 1588 अभ्यर्थियों का बायोडाटा प्राप्त कर 423 अभ्यर्थियों का ऑन स्पाॅट चयन किया।
शिव शक्ति एग्रीटेक लिमिटेड के रिक्रुटमेंट मैनेजर संतोष कुमार झा ने बताया कि विभिन्न पदों केलिए प्राप्त 30 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से 12 युवाओं को प्रशिक्षण केलिए चयनित किया गया है। इन्हें प्रशिक्षण दे कर कार्य क्षेत्र में भेजा जायेगा।

इस दौरान अपने संबोधन में पदाधिकारियों ने अभ्यर्थियों को नियोजन एवं कौशल विकास हेतु मार्गदर्शन दिया। अंत में डीडीसी सहित पदाधिकारियों ने मेला में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। मेले में कई सरकारी विभागों ने भी स्टाॅल लगाये थे। जिसके माध्यम से उक्त विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
मौके में सरोज कुमार दास, वसंत कुमार, जिला कौशल प्रबंधक चन्द्राकन्त मंडल, संतोष कुमार तथा विनोद कुमार सिंह, जिला कौशल विशेषज्ञ मनीष कुमार गुप्ता, क्लस्टर मैनेजर क्षना कुमारी तथा रंजीत कुमार एवं कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे।