
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क ताजपुर। भूमि विवाद को लेकर रविवार की शाम में पुरानी बाजार निवासी प्रदीप साह और उनके परिवार ने कथित तौर पर शिव बालक केशरी के घर पर लाठी-डंडे के साथ हमला कर दिया। इस घटना में शिव बालक केशरी, उनकी पत्नी निर्मला केशरी एवं उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायलों को स्थानीय रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सक ने सभी घायलों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
गंभीर रूप से घायल पीड़ित शिव बालक केशरी ने सदर अस्पताल में बताया कि पड़ोसी प्रदीप साह से जमीन का विवाद था। मैंने सीओ के यहां आवेदन देकर मापी के लिए अमीन बहाल कराया। दो दिन पूर्व मेरे पक्ष में मापी हुआ है।
इससे खार खाये प्रदीप साह सपरिवार हरबे-हथियार से लैश होकर हमला कर दिया। इसमें मुझे, मेरी पत्नी एवं दोनों बेटी को बुरी तरह पीटा गया। उन्होंने बताया कि हमलोगों की हत्या हो जाती लेकिन कुछ राहगीर के द्वारा हो-हल्ला करने पर हमलावर भाग गये और वाहन मौजूद लोगों ने हमें अस्पताल भेज दिया।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही भाकपा माले प्रखंड सचिव कॉ सुरेंद्र प्रसाद सिंह, कॉ प्रभात रंजन गुप्ता एवं को आसिफ होदा ने घायलों से मिलकर हालचाल जाना।
माले नेता ने अंचल एवं थाना पर भूमाफिया एवं दबंगों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए घटना की जांच कर दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने, दोषी की गिरफ्तारी एवं सरकारी खर्च पर इलाज करने की मांग की है।
कॉमरेड सिंह ने कहा कि पुलिस और अंचलाधिकारी भू माफियाओं को संरक्षण दे रहे हैं जिससे उनका मनोबल बढ़ा है। भाकपा माले शीघ्र ही आंदोलन करेगी।