
ओईनी न्युज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। आम आदमी को सेना दिवस के महत्व से अवगत कराने तथा सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण में समाज की सहभागिता को बढ़ावा देने केलिए रविवार को सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर 12 बिहार बटालियन एनसीसी, समस्तीपुर के लगभग 120 कैडेटों ने शहर में जन-जागरूकता रैली निकालकर देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट किया।
रैली की शुरुआत एनसीसी परिसर से हुई, जो जितवारपुर चैक सहित विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई पुनः बटालियन मुख्यालय पर समाप्त हुई। इस दौरान कैडेटों ने हाथों में तिरंगा और सेना झंडा लिए हुए “जय जवान – जय भारत”, “हमारे सैनिक हमारे गौरव” जैसे नारे लगाते हुए लोगों को देश की सुरक्षा में लगे जवानों के त्याग और योगदान की जानकारी दी।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट डाॅ राहुल मनहर ने बताया कि शसस्त्र सेना दिवस उन अमर बलिदानियों को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। इस दिन एकत्रित धनराशि शहीदों के आश्रितों, युद्ध-वीरों तथा उनके परिवारों के कल्याण में उपयोग की जाती है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग इस दिवस पर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सैनिकों का मनोबल बढ़ाने में सहयोग दें। इस दौरान रैली में शामिल कैडेटों ने भी लोगों से सेना झंडा खरीदकर योगदान देने, सैनिक कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूक रहने तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया।
मौके पर 12 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रविन्द्र रावत एवं समस्तीपुर महाविद्यालय समस्तीपुर के प्रधानाचार्य डॉ शशि भूषण कुमार शशि ने कैडेट्स को प्रोत्साहित कर शुभकामनाएं प्रदान किए।