
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। बाबा साहब के विचार समानता और न्याय की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। महापरिनिर्वाण दिवस हमें उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प देता है। शनिवार को बाबा साहेब के महा प्रयाण दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए श्री राम चन्द्र सेवा ट्रस्ट के संस्थापक जिले के सुविख्यात चिकित्सक डॉ मनोज कुमार सिंह ने उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि हमें उनके बताए हुए मार्ग पर चलकर समाज में व्याप्त जातिवाद, सामाजिक असमानता और भेदभाव जैसी बुराइयों को दूर करने के लिए काम करना चाहिए। सही मायने में यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
बताते चलें कि भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीम राव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर जिले के चकहाजी गांव में श्री रामचंद्र सेवा ट्रस्ट के संस्थापक एवं सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने उनके तेलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने अपने जीवन में शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और कहा कि शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो। उनके इन विचारों को हमें अपने जीवन में अपनाना चाहिए और समाज के विकास के लिए काम करना चाहिए।
मौके पर सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे और बाबा साहेब को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।