
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क विद्यापतिनगर । राज्य एवं केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा समय-समय पर चलाई जा रही योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है, जब किसानों को कृषि तकनीक की सही जानकारी हो।
प्रखंड के गढसीसई तथा वाजिदपुर पंचायत में शुक्रवार को कृषि विभाग के तत्वावधान में आयोजित वासंतिक रबी जन कल्याण चैपाल की अध्यक्षता करते हुए बीएओ अभिषेक कुमार ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि लागत कम होगी तो आय में स्वभाविक रूप से वृद्धि होगी। इसलिए सरकार ने लागत कम करने केलिए आधुनिकतम कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने केलिए कई प्रकार की योजनाओं पर काम कर रही है।
बताते चलें कि शुक्रवार को प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने वासंतिक रबी जन कल्याण चैपाल में पधारे किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए विभिन्न योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों से रूबरू कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आत्मा के सहायक तकनीकी प्रबंधक मधुकर श्लोक ने रबी सीजन की फसलों से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने किसानों को शून्य लागत प्राकृतिक खेती, सिंचाई विधि, ड्रोन द्वारा कीटनाशक स्प्रे, एवं न्यूनतम लागत में अधिक उत्पादन देने वाली तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने किसानों को समझाया कि खेती में जीवामृत, हरी खाद, गोमूत्र घोल, और सरसों की खली जैसी प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग करना अत्यंत लाभकारी है। इससे न केवल उत्पादन बढ़ता है, बल्कि मिट्टी की गुणवत्ता भी बेहतर होती है और खेती की लागत में कमी आती है।
वहीं वक्ताओं ने खेती में उपयोग होने वाले आधुनिक कृषि यंत्रों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है, जिसका लाभ उठाकर किसान अपनी खेती को अधिक सुलभ और वैज्ञानिक बना सकते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने अनुदानित दर पर उपलब्ध उन्नत किस्मों के बीज की जानकारी भी किसानों को दी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।