
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। एड्स आज भी जागरूकता की कमी के कारण एक गंभीर समस्या बनी हुई है। इस बीमारी से डरना नहीं है, बल्कि उसके बारे में सही जानकारी फैलाना हमारा कर्तव्य है। युवाओं की भागीदारी से निश्चित ही हमारा समाज इस बीमारी से लड़ने में सक्षम बन सकता है।”
वर्ल्ड एड्स डे पर लीडर इंस्टीट्यूट, समस्तीपुर की चेयरमैन मोनी रानी ने जागरूकता रैली को रवाना करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि एचआईवी एड्स को लेकर जागरूकता और जानकारी हो इससे बचाव का माध्यम है। इसको लेकर विभिन्न प्रकार के मिथक स्थापित किए गए हैं जिससे समाज में इस बीमारी को लेकर भय व्याप्त है। इन मिथकों से समाज को बाहर निकालने की जरूरत है। जिसमें युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि एड्स फैलने के कई कारण हैं। कई मामलों में पीड़ित को पता भी नहीं चलता कि वह एड्स का शिकार हो गया। संक्रमित ब्लेड या सुई का प्रयोग, संक्रमित रक्त भी एड्स होने का कारण हो सकता है। यह बीमारी साथ उठने–बैठने, हंसने–बोलने, साथ खाने–पीने से नहीं फैलता। इसलिए एड्स पीड़ितों के साथ सामान्य व्यवहार करना चाहिए।
बताते चलें कि सोमवार को शहर के हरपुर एलौथ स्थित लीडर इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन, के सौजन्य से विश्व एड्स दिवस के अवसर पर एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिसमें संस्थान के छात्र–छात्राओं ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से शहरवासियों को एड्स के प्रति जागरूक किया और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस रैली का नेतृत्व उच्च शिक्षा और सामाजिक उत्थान में समान रूप से सक्रिय संस्थान की चेयरमैन मोनी रानी ने किया। विदित हो कि मोनि रानी लंबे समय से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा को बढ़ावा, स्वास्थ्य जागरूकता और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवा आदि सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान केलिए खासी लोकप्रिय हैं। वे समाज में सकारात्मक बदलाव से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर समर्थन देती रही हैं।
एड्स जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना करते हुए उन्होंने बताया कि लीडर इंस्टीट्यूट शिक्षा के साथ–साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने में हमेशा अग्रसर रहता है और भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्य करता रहेगा।
रैली में बड़ी संख्या में छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। सभी ने एचआईवी/एड्स से जुड़े मिथकों को दूर करने और नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने की अपील की।