
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय मेगा इवेंट जिला युवा उत्सव 2025 शुक्रवार को पुरस्कार वितरण के साथ समारोहपूर्वक संपन्न हो गया। जिसमें विभिन्न विद्याओं से विभिन्न श्रेणियों और वर्गों के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया ।
इस आयोजन में युवाओं ने विभिन्न लोक कला और संस्कृति जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, सूझ और कौशल का प्रदर्शन किया।
युवा महोत्सव को लेकरशहर का कर्पूरी सभागार दो दिनों तक युवा ऊर्जा, सृजनशीलता और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। समापन समारोह में प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक झलकियों ने पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और टीमों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान मंच पर मौजूद गणमान्य लोगों ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि इस उत्सव ने जिले के उभरते प्रतिभाशाली युवाओं को पहचान और अपनी कला–कौशल और सृजनशीलता प्रदर्शित करने का अद्भुत मंच प्रदान किया।
समापन समारोह में संगीत शिक्षक मंगलेश कुमार, शिक्षिका साधना कुमारी और मोनिका कुमारी की सुरीली प्रस्तुतियों ने समां बाँध दिया। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान रहा। निर्णायक मंडली की सदस्य मीनू कुमारी ने अपनी सुमधुर गायकी से दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया और कार्यक्रम को चिर अविस्मरणीय बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में कला-संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, निर्णायक मंडल और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही जिला युवा उत्सव का सफल आयोजन संभव हो पाया हैं। इस महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में समस्तीपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय एवं सौरव कुमार ने अत्यंत कुशलता, गरिमा और प्रभावशाली शैली में किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। यह दो दिवसीय उत्सव समस्तीपुर के युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता का जीवंत प्रमाण बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।