
आईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क हायाघाट। एक तरफ समस्तीपुर रेल मंडल अपने अधिकार क्षेत्र की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के क्रम में झुग्गी झोपड़ी में बसर कर रहे बेसहारा लोगों को बेघर करने में जुटा है, वहीं दूसरी तरफ मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनो के इर्द गिर्द खाली पड़ी जमीन का कतिपय दबंगो द्वारा व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है।
ऐसा ही एक मामला मंडल के दरभंगा जिले के हायाघाट से सामने आया है। जहां प्लेटफॉर्म संख्या 2 के पूर्व दिशा में रेलवे की जमीन पर वर्षों से चल रही अवैध सब्जी मंडी के खिलाफ स्थानीय लोगों ने आवाज उठाई है।
इसी क्रम में आम आवाम की ओर से राम उद्गार यादव के नेतृत्व में स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से स्थानीय लोगों ने डीआरएम समस्तीपुर को एक लिखित आवेदन सौंपा गया।
करीब दर्जन भर लोगों द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में उन्होंने लिखा है कि रेलवे परिसर में अवैध सब्जी मंडी लगने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। भीड़-भाड़ के कारण कई बार ट्रेन छूटने की नौबत आ जाती है जिससे ट्रेनों में चेन पुलिंग जैसी घटनाएँ भी होती हैं। जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
साथ ही, मंडी संचालकों द्वारा अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
आवेदन के माध्यम से लोगों ने रेलवे प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर इस अवैध सब्जी मंडी को हटान और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराने की मांग की है।