
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। शुक्रवार को शहर का कर्पूरी सभागार कला, संस्कृति और युवा ऊर्जा के रंगों से सराबोर रहा। अवसर था जिले के युवा प्रतिभा का सबसे बड़ा मंच दो दिवसीय जिला युवा उत्सव 2025 का।
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस जिला स्तरीय दो दिवसीय मेगा इवेंट में सबसे पहले कला संस्कृति एवं युवा कार्यक्रम पदाधिकारी जूही कुमारी ने अतिथियों का मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, शाॅल, पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह आदि से स्वागत अभिनंदन किया।
तदुपरांत जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा, डीडीसी शैलजा पांडेय, एनडीसी रजनीश कुमार राय एवं जिला कला-संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डीएम श्री कुशवाहा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को नई उड़ान देने का काम करते हैं। समस्तीपुर के युवा हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं और जिला प्रशासन उन्हें हर संभव मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।”
श्री कुशवाहा ने प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने केलिए अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं कला संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि युवा उत्सव 2025 के तहत विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें समूह लोकनृत्य, लोकगीत, कहानी एवं कविता लेखन, चित्रकला आदि प्रमुख हैं। संबोधन व आशीर्वचनों के बाद दो दिवसीय जिला युवा उत्सव ने दिशा पकडी, जिसके पहले दिन जिलेभर से आए प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को चमत्कृत कर दिया।

इस दौरान युवाओं द्वारा प्रस्तुत समूह लोकनृत्य, लोकगीत, कविता पाठ, नाट्य कला, चित्रकला एवं पेंटिंग जैसी विधाओं में न सिर्फ युवा उर्जा, प्रतिभा और उत्साह का उत्कर्ष देखने को मिला बल्कि युवा कलाकारों की रचनात्मकता ने पूरे हाल में तालियों और वाह-वाह की गूंज भर दी।
कार्यक्रम में वरीय उप समाहर्ता पुष्पिता झा, एसडीसी धर्मराज कुमार, एसडीसी अंजली कुमारी, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सोनाली, शिक्षक सुभीत कुमार सिंह, मंगलेश कुमार, ऋतुराज जयसवाल, लक्ष्मण कुमार सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए चयनित निर्णायक मंडल के सदस्य, चयनित प्रतिभागी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अनंत कुमार राय एवं सौरभ कुमार ने किया। उत्सव का समापन व पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार को आयोजित होगा।