
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क बिथान। प्रखंड के कराँची पंचायत के मनोरवा गाँव एवं सोहमा पंचायत में कृषि विभाग द्वारा मंगलवार को कृषि जन कल्याण चैपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चैपाल में रबी मौसम को लेकर सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी गई।
कार्यक्रम में सहायक तकनीकी प्रबंधक उमेश चन्द्र यादव ने बासंतिक (रबी) बीज योजना के तहत सरकार द्वारा अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे स्वीट कॉर्न, बेबी कॉर्न, गेहूं, मटर, सरसों, मसूर, चना और तीसी के बीजों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सभी बीजों के लिए किसानों को पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। साथ ही आत्मा संबंधित योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने फसल अवशेष प्रबंधन पर जागरूक करते हुए पराली जलाने से होने वाले नुकसान जैसे मिट्टी की उर्वरता में कमी, वायु प्रदूषण, स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव और आर्थिक हानि के बारे में विस्तार से समझाया।
इसके अलावा मिट्टी जांच, जैविक खेती एवं परंपरागत कृषि विकास योजना की विशेषताएँ भी बताई गईं। कृषि समन्वयक राम प्रकाश सिंह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ, प्रक्रिया तथा उत्पन्न समस्याओं के निदान पर प्रकाश डाला।
उन्होंने प्राकृतिक खेती से जुड़ी योजनाओं के बारे में भी किसानों को अवगत कराया। उद्यान विभाग की ओर से बताया गया कि सब्जी विकास योजना के अंतर्गत टमाटर, तोरई, गोभी, भिंडी, मिर्च, बैगन, करेला और लौकी के बीज भी अनुदान पर उपलब्ध हैं।
मौके पर बिन्देश्वरी यादव, गब्बर पासवान, योगेन्द्र यादव, घुरन साह, ब्रह्मदेव यादव, प्रहलाद कुमार, केवल यादव, किसान सलाहकार अनिल कुमार समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।