
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। पुरुष नसबंदी एक सुरक्षित, सरल और स्थायी प्रक्रिया है, जिससे जुड़े मिथकों और भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है। जिला स्वास्थ्य समिति समस्तीपुर एवं सदर अस्पताल समस्तीपुर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित पुरुष नसबंदी पखवाड़ा 2025 एवं स्वास्थ्य मेला का शुभारंभ करते हुए सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार चौधरी ने उक्त बातें कही।
उन्होने कहा कि “परिवार नियोजन केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें पुरुषों की समान भागीदारी जरूरी है। तभी छोटा परिवार स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार -का सपना साकार होगा।
इसके पुर्व सिविल सर्जन डॉ. चौधरी ने स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार – पुरुष सहभागिता से ही सपना साकार।” थीम पर अगामी 12 दिसंबर तक चलने वाले पुरुष नसबंदी पखवाड़ा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया।
इसके उपरांत सिविल सर्जन द्वारा जागरूकता सारथी वाहन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जिले में पुरुष नसबंदी अभियान के प्रति जागरूकता फैलाएगा।
इस दौरान श्री चौधरी ने बताया कि पखवाड़ा के दौरान विशेष गतिविधियाँ आयोजित की जायेंगी जिसमें पुरुष नसबंदी परामर्श एवं जागरूकता शिविर, रैली एवं पदयात्रा, आईईसी सामग्री वितरण, आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर संपर्क, निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाएँ आदि शामिल हैं।
इसी क्रम में डीसीएम अनिता कुमारी ने बताया कि पुरुष नसबंदी करवाने वाले लाभार्थियों को सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है, साथ ही उनके परिवार को प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं उपस्थित लोगों ने “छोटा परिवार बड़ी खुशहाली, परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक।” का संदेश दिया।
मौके पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार, डीसीएम अनिता कुमारी, डीएएम डाॅ पंकज कुमार, डॉ. पुष्पा रानी, राकेश कुमार, पिरामल फाउंडेशन के आदित्य कुमार, एएनएम स्कूल की छात्राएँ एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।