
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क दलसिंहसराय । हार-जीत खेल का हिस्सा हैं। ये आपकी वास्तविक प्रतिभा और क्षमता का परिचायक नहीं हैं। खेल के मैदान में महज कुछ सेकेन्ड की चूक जीत को हार में बदल देती है। इसलिए हार से निराश होने की जगह हार को चुनौती के रूप में लेकर और अपनी गलतियों से सीख कर नई उर्जा के साथ आगे बढने वाला ही जिन्दगी में बडी सफलतायें हासिल कर पाता है।
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार चौधरी ने स्थानीय आरबी कॉलेज में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र में अपने संबोधन के दौरान उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि खेल सर्वांगीन विकासोन्मुखी शिक्षा का अभिन्न अंग है। क्योंकि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का बास होता है और शरीर को स्वस्थ रखने हेतु खेल आवश्यक है।
बताते चलें कि स्थानीय आरबी कॉलेज में मुख्य अतिथि लनामिविवि के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी के संरक्षण, प्रधानाचार्य डॉ. वीरेन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता एवं खेल पदाधिकारी उदय शंकर विद्यार्थी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय स्तरीय दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता (पुरुष महिला) 2025 का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर सबसे पहले छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं उदय शंकर विद्यार्थी के स्वागत संबोधन के बाद आगत अतिथियों का मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग शाॅल एवं पुष्प गुच्छ से स्वागत अभिनंदन किया गया। तदुपरांत कुलपति डाॅ चौधरी के नेतृत्व में प्राचार्य व आगत अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन के बाद कुलपति ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. चौधरी ने कहा कि खेल भी पढ़ाई का अंग होता है। विभिन्न महाविद्यालयों से आये प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि वे खेल को खेल की भावना से खेलें और अपना, अपने महाविद्यालय एवं देश का नाम रौशन करें।
विदित हो कि इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में कुल सात महाविद्यालय- आरबी कालेज, दलसिंहसराय, के एस आर कालेज, सरायरंजन, आरबीएस कालेज, तेघरा, बीआरबी कालेज, समस्तीपुर, सीएम कालेज, दरभंगा, एमटीटी कालेज, मधुबनी एवं आरके कालेज, मधुबनी ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
जबकि महिला वर्ग में तीन महाविद्यालय – आर बी कालेज, दलसिंहसराय, केएसआर कालेज, सरायरंजन एवं जेएमपीडीएल कालेज, मधुबनी ने रजिस्ट्रेशन कराया।
क्वार्टर फाइनल में आर बी कालेज का मुकाबला के एस आर कालेज के साथ हुआ, जिसमें आर बी कालेज ने 3/1 से मुकाबला अपने नाम करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में आर बी कालेज का मुकाबला एमटीटी कालेज, मधुबनी से होना है।
दूसरा मुकाबला आर के कालेज एवं आरबीएस कालेज, तेघरा के बीच जारी है। इस खेल में चीफ रेफरी के रूप में अमरीश कुमार एवं अम्पायर के रूप में अभिषेक इन्दीवर ने अहम भूमिका निभाई। जबकि सहायक के रूप में दीपक कुमार ने अपना योगदान दिया।