
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। दुनिया के सबसे बडे लोकतंत्र भारत का संविधान वास्तव में लोकतंत्र की आत्मा है। हमारे भारत का संविधान सिर्फ एक पुस्तक या ग्रंथ नहीं है, यह वह शक्ति है जिसने देश की विविधता को एकता में समाहित किया है।
आशा सेवा संस्थान के सचिव अमित कुमार वर्मा ने संविधान दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि इसकी प्रस्तावना सभी के लिए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सुनिश्चित करती है। आइये आज हम सब मिलकर संकल्प लें कि इस संविधान का पालन करते हुए देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाये रखने का सदैव प्रयास करते रहेंगे।
बताते चलें कि संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर एवं आशा सेवा संस्थान, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ,समस्तीपुर समीर कुमार, एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर मनोज कुमार के मार्गदर्शन में, शहर के शम्भूपट्टी स्थित पोदार इंटरनेशनल स्कूल, में शिक्षा के अधिकार पर, हमारे संविधान, मौलिक अधिकारों और कर्तव्य विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पोदार इंटरनेशनल स्कूल समस्तीपुर के प्रिंसिपल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान एक देश या संस्था के नियमों का एक बुनियादी संग्रह है जो सरकार की संरचना, शक्तियों और कर्तव्यों के साथ-साथ नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों को भी निर्धारित करता है।
कार्यक्रम का समापन संविधान की प्रस्तावना की शपथ ले कर किया गया । मौके पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राओं के अलावा ,पैनल अधिवक्ता समीर कुमार एवं अधिकार मित्र आदर्श कुमार मौजूद थे।आगत अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन वॉइस प्रिंसिपल चन्दन कुमार ने किया ।