
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व कौशल, आत्मविश्वास, सामूहिकता की भावना और समय-प्रबंधन जैसे जीवन में उपयोगी गुणों को विकसित भी करते हैं।
जिला कला संस्कृति एवं युवा कार्यक्रम पदाधिकारी जूही कुमारी ने शहर के शंभुपट्टी स्थित पोदार इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित वार्षिक खेल महोत्सव के दौरान उक्त बातें कही।
बच्चों का प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि हार और जीत तो खेल के अंग हैं। जो महज आखिरी कुछ सेकेंड में तय होते हैं। इसलिए एक हार से आपकी प्रतिभा और क्षमता का अंतिम मूल्यांकन नहीं हो सकता। इसलिए हार से सबक ले कर और बेहतर करने के लिए संकल्प लेने की जरूरत है।

बताते चलें कि मंगलवार को पोदार इंटरनेशनल स्कूल में उत्साह और उमंग के साथ वार्षिक खेलकूद दिवस संपन्न हुआ। इस अवसर पर सबसे पहले अतिथियों का पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह आदि से स्वागत अभिनंदन के बाद प्रिंसिपल अख़वारी नील किशोर सिन्हा और वाइस प्रिंसिपल चंदन कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर प्रिंसीपल श्री सिंहां के साथ मुख्य अतिथि जिला कला एव संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, प्रधानाचार्या रश्मी चंदेल आदि ने मशाल जला कर बच्चों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें प्रोत्साहित किया। इस दौरान बच्चों ने कई कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने दौड़, लंबी कूद, रिले रेस आदि विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मैदान में बच्चों के हर्ष उल्लास, उत्साह, और जोश के साथ–साथ खेल-भावना का अद्भुत मेल नजर आया।

इस दौरान प्रिंसिपल श्री सिन्हा ने कहा कि खेल बच्चों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और उनके व्यक्तित्व के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं वाइस प्रिंसिपल श्री चौधरी ने खेल को विद्यार्थियों में लक्ष्य प्राप्ति की क्षमता और धैर्य विकसित करने वाला बताते हुए कहा कि यही क्षमता और धैर्य भविष्य में सफलता का आधार बनते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विजयी प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। पूरे आयोजन की सफलता में विद्यालय के खेल विभाग के एचओडी विजय कुमार, शिक्षक विजय कौशिक, निधि कुमारी, ओम प्रकाश एव सभी शिक्षकों और स्टाफ ने सफलतापूर्वक संचालित किया।
