
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क पटना। सरकार की नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की, ससमय और विश्वसनीय रूप से जनता तक पहुँचाना हमारी पहली प्राथमिकता होगी, इसके लिए मैं पूरी प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ कार्य करूंगा।
जिले के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार प्रचण्ड जीत दर्ज करने वाले मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को सूचना एवं जन संपर्क मंत्रालय में बतौर मंत्री पदभार ग्रहण करने के दौरान मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण दायित्व के साथ मेरा उद्देश्य है कि विभाग की कार्यशैली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाया जाए। साथ ही विभाग में नवाचार, आधुनिक संचार तकनीक और युवा कर्मियों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए एक गतिशील और परिणाममुखी कार्यसंस्कृति विकसित करने का प्रयास करूंगा।
पदभार ग्रहण के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद मंत्री कहे जाने वाले श्री चौधरी का विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्नेहपूर्वक स्वागत किया और नई ज़िम्मेदारियों के निर्वहन में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विभाग के सचिव अनुपम कुमार, निदेशक वैभव श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार पदमाकर सिंह लाला, बिपुल कुमार सिंह एवं अन्य पदाधिकारीगण ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका हार्दिक अभिनन्दन एवं स्वागत किया।