
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। नशा किसी प्रकार को उसका प्रभाव एक ही है, वह परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास का मार्ग अवरुद्ध करता है। इसलिए स्वस्थ, सुदृढ़, समृद्ध और विकसित राष्ट्र निर्माण के लिए हर प्रकार के नशे को ना कहने की जरूरत है।
नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि नशे के कुप्रभाव और पारिवारिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय क्षति के बारे में व्यापक जन जागरूकता फैलाने की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मियों एवं आमजनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में श्री कुशवाहा ने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, उससे होने वाली व्यक्तिगत, पारिवारिक व सामाजिक स्वास्थ्य संबंधी क्षति पर विस्तार से प्रकाश डाला और युवाओं का किसी प्रकार के नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज निर्माण के लिए नशा-मुक्ति संदेश फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता (राजस्व) ब्रजेश कुमार, नजारत उप समाहर्त्ता रजनीश कुमार राय, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी ने क्रमवार नशे के विरुद्ध अपनी प्रतिबद्धता दोहराई एवं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया।इस दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में भी सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
वहीं आंगनवाड़ी केंद्रों और जीविका समूहों द्वारा भी कई स्थानों पर नशा-मुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज में नशा मुक्त भारत का संदेश व्यापक रूप से फैलाएंगे।