

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव की प्रतिबद्धता के तहत मतगणना की प्रत्येक प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को 14 नवंबर को होने वाले मतगणना कार्य को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में अपर समाहर्त्ता (राजस्व) ब्रजेश कुमार ने बुधवार को समस्तीपुर कॉलेज परिसर स्थित वज्रगृह का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतगणना स्थल की तैयारियों तथा ईवीएम एवं वीवीपैट के सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।
इस क्रम में श्री कुमार ने वज्रगृह की त्रिस्तरीय सुरक्षा प्रणाली का जायजा लिया और मौके पर मौजूद सुरक्षा अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मतगणना दिवस तक सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर समाहर्त्ता ने परिसर में लगाए गए सीसी कैमरों, रिकॉर्डिंग सिस्टम तथा सुरक्षा ड्यूटी के लॉग बुक की भी जांच की।
उन्होंने सुरक्षा में तैनात जवानों को “जीरो टॉलरेंस नीति” के तहत चौबीसों घंटे सतर्क रहने का निर्देश दिया। श्री कुमार ने कहा कि, “लोकतंत्र की यह सबसे अहम अमानत है। EVM की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और मतगणना कार्य पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराया जाएगा।”
इसके अलावा मोरवा विधानसभा की ऑब्जर्वर बी महेश्वरी ने भी मतगणना केंद्र की व्यवस्था, ईवीएम, वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था आदि का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए।