
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क मुंगेर। भारत के युवा न केवल विकास के लाभार्थी हैं, बल्कि इसके भविष्य के वास्तुकार भी हैं। विकसित भारत युवा संसद के फलस्वरुप युवा-संचालित नीति सिफारिशें राष्ट्रीय स्पॉटलाइट में आएगी और युवाओं को वैचारिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएगी। विकसित भारत युवा संसद 2026 के आयोजन को लेकर मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो (डॉ) संजय कुमार ने उक्त बातें कही। साथ ही उन्होंने कहा कि यह आयोजन मुंगेर विश्वविद्यालय केलिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का एक सुनहरा अवसर है।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा प्रयोजित ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ का आयोजन एनएसएस और नेहरू युवा केन्द्र (माई भारत) के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। इस मेगा इवेंट के लिए पंजीकरण की तिथि 12 अक्टूबर, 2025 से बढ़ाकर अंतिम तिथि 10 नवंबर, 2025 तक रखा गया था इसे विस्तारित किया गया है।
इस बाबत जानकारी देते हुए कार्यक्रम समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुंगेर विश्वविद्यालय के 5 कॉलेज में युवा संसद का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना और माई भारत पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। युवा संसद 2026 के पंजीकरण और आयोजन तिथि की घोषणा कर दी गई है जो इस प्रकार है :-
1. खगड़िया जिला में महिला कॉलेज (18 नवंबर, 2025)-133 स्वयंसेवकों का पंजीकरण
2. जमुई जिला में डीएसएम कॉलेज, झाझा (21 नवंबर, 2025)-101स्वयंसेवकों का पंजीकरण। 3. लखीसराय जिला में केएसएस कॉलेज (7 दिसंबर, 2025)- 154 स्वयंसेवकों का पंजीकरण
4. मुंगेर जिला में जेआरएस कॉलेज, जमालपुर (18 दिसंबर, 2025)- 81 स्वयंसेवकों का पंजीकरण
5. शेखपुरा जिला में आरडी कॉलेज (21 दिसंबर, 2025)- 20 स्वयंसेवकों का पंजीकरण किया जाएगा।
श्री सिंह ने बताया कि, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 दिसंबर 2025 से 20 जनवरी, 2026 तक किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता की घोषणा बाद में की जाएगी।
वहीं, पीआरओ डॉ सूरज कोनार ने बताया कि कुल 100 अंक के मूल्यांकन मानदंड के अनुसार सामग्री प्रासंगिकता (20), स्पष्टता और संरचना (15), मौखिक संचार और शारीरिक भाषा(25), नवाचार और रचनात्मकता(20), भाषा एवं प्रवाह (10) और समय का पालन (10) यदि किसी विशेष राउंड में दो या अधिक अभ्यर्थी समान अंक प्राप्त करते हैं, तो उस विषय से संबंधित एक सहज प्रश्न पूछा जाएगा, जिसका त्वरित, कुशल और प्रासंगिक उत्तर दिया जाएगा, जिसका मूल्यांकन 10 अंकों में से किया जाएगा।
भागीदारी की भाषा हिंदी, अंग्रेजी आदि। विकसित भारत युवा संसद का मूल्यांकन जिला स्तर पर 5 सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा, जिसमें
1. सार्वजनिक नीति, राजनीति विज्ञान या शासन में विशेषज्ञता वाले शिक्षाविद।
2. वरिष्ठ नौकरशाह या नीति निर्माता (सेवानिवृत्त या सेवारत)।
3. प्रमुख युवा नेता या सामाजिक उद्यमी।
4. विधायक/राज्य मंत्री
5. समाज सेवी शामिल होंगे।
मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो (डॉ) घनश्याम राय ने आयोजन के बारे में बताया कि विकसित भारत युवा संसद के आयोजन का उद्देश्य- युवाओं को सार्वजनिक मुद्दों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करना, निर्णय लेने की क्षमताओं को विकसित करना एवं दूसरों के विचारों के लिए सम्मान और सहिष्णुता विकसित करना, अपने विचार को नीति निर्माताओं और कार्यान्वयनकर्ताओं को इसे आगे ले जाने के लिए एक मंच उपलब्ध करना है।