
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके आश्रितों की सुविधाओं के प्रति भी रेल प्रशासन गंभीर है। इसी लिए अपने पेंशन भोगी कर्मियों व उनके आश्रितों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में होने वाली परेशानी से बचाने केलिए समस्तीपुर मंडल रेल प्रशासन ने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र लेने की व्यवस्था की है।
इसके तहत रेलवे बोर्ड के आदेश का अनुपालन करते हुए “राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 4.0” के तहत समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत विभिन्न प्रमुख स्टेशनों — समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मोतिहारी, नरकटियागंज एवं सहरसा — पर 17 नवम्बर 2025 एवं 18 नवम्बर 2025 को विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उक्त जानकारी देते हुए जन संपर्क पदाधिकारी सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य रेलवे पेंशनधारकों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) उपलब्ध कराने की सुविधा देना है, ताकि वे अपनी उपस्थिति या प्रमाणन के लिए भौतिक रूप से कार्यालय आने के बजाय डिजिटल माध्यम से प्रमाण पत्र जमा कर सकें।
इस अभियान की सफलता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित स्टेशनों पर शिविर को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए स्थानीय समाचार पत्रों, सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक पेंशनधारी भूतपूर्व रेलकर्मी इस योजना का लाभ उठा सकें।
समस्तीपुर मंडल रेल प्रशासन ने सभी अधिकारीगणों एवं कर्मचारियों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की है, ताकि अधिकाधिक पेंशनधारक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।