
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। देश का हर नागरिक लोकतंत्र का प्रहरी है। “मतदान केवल हमारा संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि देश का नागरिक होने के नाते हमारी प्रथम जिम्मेदारी भी है। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब हर नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा। सोमवार को समस्तीपुर पधारे राज्य स्वीप आईकाॅन क्रान्ति प्रकाश झा ने समाहरणालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि देश और राज्य की दिशा तय करने में हर वोट की अहम भूमिका होती है। बिहार की जनता ने हमेशा लोकतंत्र में विश्वास दिखाया है और इस बार भी मतदान प्रतिशत में वृद्धि कर राज्य को नई मिसाल देने की जरूरत है।
बताते चलें कि बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनजर मतदाता जागरूकता को लेकर जिले में स्वीप कार्यक्रम के तहत सोमवार को समाहरणालय सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन नोडल पदाधिकारी सह एनडीसी रजनीश कुमार राय ने किया।
इस अवसर पर सबसे पहले तालियों की गड़गड़ाहट के बीच श्री झा का पुष्पगुच्छ, पाग एवं चादर से स्वागत किया गया। तदुपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी उन्हें ‘मतदाता जागरूकता का प्रेरणास्रोत’ बताया।
अपने संबोधन में श्री झा ने कहा कि 6 नवंबर को होने वाले मतदान में हर व्यक्ति को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। मैं बिहारवासियों से अपील करता हूं कि वे परिवार, मित्र और पड़ोसियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।”
इस अवसर पर अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने कहा कि “मतदाता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी मतदाता मतदान से वंचित न रह जाए। इसलिए स्वीप अभियान के माध्यम से हर वर्ग के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
वहीं, नोडल पदाधिकारी सह एनडीसी रजनीश कुमार राय ने कहा “स्वीप कार्यक्रम केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि यह सामाजिक आंदोलन है। युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों सभी को इसमें सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती हर नागरिक की भागीदारी से ही संभव है।”
इस अवसर पर जिला आईकॉन कुंदन कुमार ने कहा कि सांस्कृतिक माध्यमों के जरिए मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, लोक गीत, फ्लैश मॉब आदि के जरिए लगातार संदेश दिया जा रहा है। “मतदान करें, बिहार गढ़ें।”
अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगे और अपने आस-पड़ोस के प्रत्येक नागरिक को मतदान हेतु प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र विवेक कुमार शर्मा, डीपीआरओ आईसीडीएस सुनीता कुमारी, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सोनाली, मीडिया समन्वयक सुभीत कुमार सिंह, मंगलेश कुमार सहित कई अधिकारी, कर्मचारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।