
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर । पर्यावरण संरक्षण को लेकर सारी कवायद भू जल संरक्षण की दिशा में जरूरी कदम उठाये बिना ठीक उसी प्रकार है जैसे गमले में रेत डाल कर फूल उगाना।
गुरूवार को सिटी सेन्ट्रल स्कूल की सभी शाखाओं में आयोजित पर्यावरण संरक्षण सह जल संचयन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान निदेशक संजीव कुमार पाण्डेय ने उक्त बाते कही।
उन्होंने कहा कि हमारी लोलुपता और सुविधा भोगी प्रवृति से जिन प्राकृतिक संसाधनों पर बुरा असर पडा है उनमें से एक भूमिगत जल भी है। बारिश कम होने और घटते जलाशयों के कारण भूमिगत जल स्तर वक्त के साथ कम होता जा रहा है, जिस कारण गर्मीयों में चापाकल सूखने और नलकूप से कम पानी आने की शिकायत आम हो गई है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि बारिश का पानी छोटे-छोटे गड्ढों में संचित कर, घरों से निकलने वाले पानी को व्यर्थ बहने से बचा कर हम भूमिगत जल का स्तर बढाने की कोशिश जरूर कर सकते हैं।
बताते चलें कि सिटी सेंट्रल स्कूल के मोहनपुर रोड, भुईंधरा, जितवरिया, नकटा और मूसापुर शाखाओं में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विद्यालय परिसर में वर्षा जल संचयन की नई व्यवस्था स्थापित की गई है, जिसका उद्देश्य जल संसाधनों का संरक्षण करना और छात्रों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका मिस अंजली के नेतृत्व मे अंशिका, सान्या, साक्षी, शिवानी, मयंक सत्यम, इमरान आदि ने वर्षा जल संचयन पर आधारित कई बेहतरीन और आकर्षक मॉडल बना कर प्रदर्शित किए। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक संजीव कुमार पांडेय ने कहा कि यह पहल छात्रों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराने के साथ-साथ विद्यालय परिसर में जल की पुनः उपयोगिता सुनिश्चित करेगी।
वर्षा का पानी टंकी में एकत्रित कर बागवानी, शौचालयों तथा अन्य उपयोगों में प्रयोग किया जाएगा। इस अवसर पर छात्रों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें वर्षा जल संचयन की प्रक्रिया, उसके लाभ तथा भविष्य में जल संकट से निपटने के उपायों के बारे में जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में विद्यालय के वरीय प्राचार्य सी.के. ठाकुर ने बताया कि इस तरह की पहलें न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होंगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देंगी।
विद्यालय की प्राचार्या मुल्लाथारा कविथा करुणाकरण ने भी अपने विचार व्यक्त किए और बच्चों की काफी सराहना की। इस अवसर पर श्याम कुमार चैरसिया, सुषमा कुमारी, रूपांजलि कुमारी, राधेश्याम, मनीष भारद्वाज, राहुल पाण्डे, नवनीत झा, शिवेश कौशल, राजू पोद्दार, ब्रज भूषण झा, शाहनवाज आलम आदि मौजूद थे।