
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 समस्तीपुर। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने समीर कुमार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया।
इस अवसर पर सबसे पहले जिला पदाधिकारी रौशन कुशवाहा, एडीजे प्रथम अखिलेश कुमार सिंह एवं प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, उमाशंकर नारायण के साथ डालसा अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत का विधिवत उद्घाटन किया।
तदोपरान्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री समीर ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत एक ऐसा मंच है जहाँ न्यायालय में लंबित या मुकदमे-पूर्व चरण के विवादों/मामलों का सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटारा/समझौता किया जाता है। इसका लाभ लोगों को उठाना चाहिए
डालसा सचिव श्री नारायण से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विवादपूर्व मामले यथा बैंक ऋण, बीएसएनएल एवं अन्य से संबंधित कुल 1764 मामले का निष्पादन किया गया। जिसमें समझौता राशि के रूप में कुल 5,54,93,219/-(पाँच करोड़ चौबन लाख तिरानवे हजार दो सौ उन्नीस रूपये) की वसूली हुई।
साथ ही न्यायालयों में लंबित सुलहनीय वादों यथा परिवारिक वाद, क्लेम वाद विद्युत वाद से संबंधित मामले 138 एन.आई एक्ट, जीओ एवं अपराधिक सुलहनीय वादों के कुल 1631 मामले निष्पादित किये गये। जिसमें कुल-97,52,618/- (सनतावे लाख बावन हजार छः सौ अठारह) रूपये मात्र समझौता राशि की वसूली की गई।
आगत अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन उमाशंकर नारायण, प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, ने किया।