
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क दलसिंहसराय। शिक्षक बनने के लिए बीएड कोर्स का यह दो वर्ष काफी महत्वपूर्ण है। जिसके लिए समझदारी, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी की आवश्यकता है। आर एल महतो इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन के निदेशक प्रशांत कुमार पंकज ने बीएड सत्र 2025-27 के नव नामांकित प्रशिक्षुओं का अभिनंदन सह स्वागत समारोह के अवसर पर उक्त बातें कही।
नये सत्र के प्रशिक्षुओं का अभिनंदन करते हुए उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कार पर बल देते हुए नियत समय और अनुशासन को भी जरूरी बताया। साथ ही मेहनत, लगन और नई सोच के साथ जीवन में बढ़कर पूरी निष्ठा के साथ कर्तव्यों का पालन करने की सलाह नामांकित प्रशिक्षुओं को दिया।
बताते चलें कि शनिवार को आर एल महतो इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन में बीएड सत्र 2025-27 के नव नामांकित प्रशिक्षुओं का अभिनंदन सह स्वागत समारोह के साथ सत्रारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आरम्भ दीप प्रज्वलन व माँ सरस्वती की तस्वीर पर पुष्पांजलि व माल्यार्पण के साथ किया गया।
इससे पूर्व कार्यक्रम में आये सभी नव नामांकित प्रशिक्षुओं एवं अभिभावकों का स्वागत बीएड के सीनियर प्रशिक्षुओं द्वारा पुष्पवर्षा एवं गुलाब का फूल देकर किया गया। वहीं दीप्ति, शिवानी, जानकी एवं रोशनी ने स्वागत गीत गाकर सभी नए विद्यार्थियों का अभिनंदन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षक वह मोमबत्ती है जो खुद जलकर सबको उजाला प्रदान करते हैं। जो विद्यार्थी कष्टप्रद जीवन को अपना कर्तव्य मानता है भविष्य में उज्ज्वल जीवन का पुरस्कार उसे ही प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में डीएलएड विभागाध्यक्ष मो. इमामुद्दीन, सहायक प्राध्यापक केशव कुमार चैधरी ने भी प्रशिक्षुओं को संबोधित किया। इस क्रम में ज्वलंत बिंदु पर नए प्रशिक्षुओं के लिए आयोजित एक क्विज प्रतियोगिता में सर्वाधिक सही उत्तर देकर विजय कुमार मिस्टर फ्रेशर और शिल्की कुमारी मिस फ्रेशर के रूप में चुनी गई। जिन्हें ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रशिक्षुओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। मंच संचालन डॉ. निर्मल कुमार चंचल ने, स्वागत राजेश कुमार गिरी ने एवं धन्यवाद ज्ञापन केशव कुमार चैधरी ने किया। मौके पर महाविद्यालय की ट्रस्टी मेम्बर अर्चना पंकज, सत्यम, मुकेश कुमार राय, उमा शंकर चंदन, रूपक कौशल, आदि मौजूद थे।