
ओईनी न्यूज नेटवर्क
बच्चे के जन्म की सूचना पर आशीर्वाद देने पहुंचे कुछ किन्नरों ने इस खुशी के मौके पर बख्शीश मांगी तो घरवालों ने उनकी पिटाई कर दी। जिसमें कुछ किन्नर घायल हो गये।साथी की पिटाई से आक्रोशित किन्नर समाज के लोगों ने मंगलवार को थाने का घेराव कर जम कर बवाल काटा। हालात ये थे कि थाने के मुख्य द्वार को बंद कर पुलिस को अपनी जान बचानी पड़ी।
दरअसल मामला कुछ दिन पहले मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ गांव का है, जहां एक गृहस्वामी के द्वारा बच्चे के जन्म पर बधाई मांगने आये किन्नरों की एक टोली के साथ मारपीट की गयी थी। जिसमें कई किन्नर घायल हुए थे और उनका इलाज समस्तीपुर सदर अस्पताल में कराया गया था। इस मामले में आवेदन देने के बावजूद पुलिस पर आरोपियों के विरुद्ध कोई कारवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित किन्नर समाज के सैकड़ो लोगों ने मुसरीघरारी थाना पर हमला कर दिया और घंटों जमकर बवाल मचाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को भी खदेड़ दिया।
घटना की पुष्टि करते हुए सदर डीएसपी संजय पांडे ने बताया कि दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान की ही जा रही थी कि तभी यह अफवाह फैला दी गई कि किन्नरों के साथ हुई मारपीट मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुआ है। इसी अफवाह पर कई जिलों से किन्नर समाज के लोग समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना पर जुट गए और प्रदर्शन करने लगे। इसी क्रम में पुलिस वालों के साथ भी बदतमीजी की गई है। हंगामा प्रदर्शन करते किन्नरों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गयी है। फुटेज के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।