दिल्ली पब्लिक स्कूल, ताजपुर को “बेस्ट स्कूल” अवार्ड

ओईनी न्यूज नेटवर्क
ताजपुर। 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिनांक 26 जनवरी 2025 को जिला मुख्यालय में अनुमंडल प्रशासन की ओर से एसडीओ दिलीप कुमार द्वारा दिल्ली पब्लिक स्कूल, ताजपुर को “बेस्ट स्कूल” का पुरस्कार प्रदान किया गया। उक्त जानकारी देते हुए डीपी एस ताजपुर के निदेशक हाजी मसूद हसन ने कहा कि यह हमारे विद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। साथ ही, जिला कल्याण विभाग ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए हमें प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया है।
श्री हसन ने कहा कि गौरवपूर्ण क्षण पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। मैं इस उपलब्धि के लिए अपने सभी शिक्षकों, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों और सहयोगियों का तहेदिल से आभार व्यक्त करता हूं। आपकी मेहनत और लगन ने हमारे विद्यालय को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही समस्त अभिभावकों का आभार प्रकट करना चाहुंगा जिनके भरोसे व विश्वास ने मुझे बेहतर करने केलिए प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह पुरस्कार प्रेरणा का स्रोत है, एवार्ड हासिल करना बहुत बडी चुनौती नहीं होती, एवार्ड के अनुरूप खुद को बनाये रखना बडी चुनौती होती है। इसलिए हमें आत्मविश्लेषण करना होगा और यह देखना होगा कि हमारे अंदर कौन-सी कमियां हैं जिन्हें सुधारने की आवश्यकता है। यदि हम अपने विद्यार्थियों पर और अधिक मेहनत करें, उन्हें प्रेरित करें और समर्पण के साथ अपना कर्तव्य निभाएं, तो वह दिन दूर नहीं जब हमारा विद्यालय देश और विदेश में अपनी पहचान बनाएगा।
श्री हसन ने कहा कि हम सबका संकल्प है कि बच्चों की बेहतरी के लिए एकजुट होकर काम करेंगे। एक मिशन की तरह मेहनत करते हुए हर बच्चे को सर्वश्रेष्ठ शिक्षा देने के अपने लक्ष्य को पूरा करेंगे। यह पुरस्कार सिर्फ एक प्रमाणपत्र नहीं है, बल्कि हमारी टीम के प्रयासों की मान्यता और हमें और बेहतर करने के लिए मिला “विटामिन” है।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर, उन्होने सभी से एकजुट होकर और भी अधिक मेहनत करने की अपील की ताकि हम इस सम्मान की प्रतिष्ठा के अनुरूप खुद को बनाये रख सकें।
मसूद हसन।