
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर/पूसा । डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के टीसीए ढोली परिसर में आयोजित तीन दिवसीय 7वें अंतर्महाविद्यालय खेल प्रतियोगिता का समारोहपूर्वक समापन हो गया। इस अवसर अपने संबोधन में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ पीएस पांडेय ने कहा कि इस खेल प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ चढकर हिस्सा लिया और एक दूसरे को कडी प्रतिस्पर्धा दी है, यह सराहनीय है।



उन्होंने कहा कि खेल कूद हमें जीवन में जहां नेतृत्व कौशल के साथ-साथ अनुशासन और टीम भावना के साथ मिलकर काम करने की सीख देते है। वहीं विकट परिस्थितियों में उचित निर्णय लेने की सलाहियत देते हैं।


डाॅ पाण्डेय ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के हित में लगातार निर्णय ले रहा है, जिसके परिणाम अब स्पष्ट दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों ने विश्वविद्यालय का नाम देश व विदेश में रौशन किया है। उनकी इच्छा है कि वे और बेहतर करें और वैश्विक पटल पर विश्वविद्यालय का नाम रौशन करें।


इस अवसर पर निदेशक छात्र कल्याण डॉ रमण त्रिवेदी ने कहा कि कुलपति डॉ पांडेय छात्रों के सम्यक विकास लिए लगातार प्रयासरत हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारे कुलपति ने जो दीक्षारंभ कोर्स शुरू किया था वो अब पूरे देश में लागू कर दिया गया है। दीक्षारंभ के दौरान छात्रों के सम्यक विकास के लिए विभिन्न क्षेत्र के विशेषज्ञों को बुलाया जाता है जो अपने आप में अनूठी पहल है।


विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ राजेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतिम दिन, 1500 मीटर दौड़ में पुरुष वर्ग में उद्यानिकी महाविद्यालय पिपरा कोठी के रोहिताश्व ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि महिला वर्ग में टीसीए ढोली की करीना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी तरह टेबल टेनिस में पुरुष वर्ग में बेसिक साइंस के दिव्यांशु प्रजापति जबकि महिला वर्ग में पीजीसीए की शीतल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

बैडमिंटन प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में पिपरा कोठी के नितिन सिंह गहरवार ने जबकि महिला वर्ग में बेसिक साइंस की मनीषा भारती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शाट पुट के पुरुष वर्ग में टीसीए ढोली के पंकज कुमार ने जबकि महिला वर्ग में टीसीए ढोली के संध्या कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वालीबॉल प्रतियोगिता में टीसीए ढोली की टीम ने बाजी मारी और उद्यानिकी महाविद्यालय पिपरा कोठी की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

समापन के दौरान निदेशक अनुसंधान डॉ एके सिंह, निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ मयंक राय, डीन बेसिक साइंस डॉ अमरेश चंद्रा, डीन इंजीनियरिंग डॉ राम सुरेश वर्मा, डीन टीसीए ढोली डॉ पीपी सिंह, डीन उद्यानिकी महाविद्यालय पिपरा कोठी डॉ आरके झा, निदेशक बीज डाॅ डीके राय, डॉ शिवपूजन सिंह, डॉ महेश कुमार, डॉ राज्यवर्धन सहित शिक्षक वैज्ञानिक एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
