
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । महाकुंभ 2025 के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में समस्तीपुर मंडल ने भी यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षित यात्रा को सुनिश्चित करने के लिए विशेष रेल सेवाओं की व्यवस्था की है। जिसके तहत रविवार को मंडल के जयनगर, दरभंगा, सहरसा तथा रक्सौल स्टेशनों से चार कुम्भ मेला स्पेशल ट्रेनें झूंसी के लिए संचालित की जाएंगी।
स्थानीय मंडल मुख्यालय से इस बाबत मिली जानकारी के मुताबिक
सहरसा से खगड़िया, हसनपुर, मुजफ्फरपुर के रास्ते झूंसी केलिए अपराह्न 15:00 बजे रवाना होगी। वहीं जयनगर से, दरभंगा समस्तीपुर के रास्ते झूंसी केलिए अपराह्न 16:00 बजे रवाना होगी। जबकि, रक्सौल से सीतामढ़ी मुजफ्फरपुर, पाटलिपुत्र के रास्ते झूंसी केलिए अपराह्न 16:00 बजे और दरभंगा से समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर के रास्ते झूंसी केलिए अपराह्न 18:00 बजे रवाना होगी।

महाकुंभ को लेकर स्टेशनों पर उमड़ी व्यापक भीड़ के मद्देनजर मंडल मुख्यालय की ओर से अतिरिक्त इंतजाम किए गये हैं। जिसमें स्टेशनों पर विशेष हेल्पडेस्क, सूचना केंद्र एवं अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा प्रमुख स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया गया है। प्राथमिक चिकित्सा केंद्र एवं डॉक्टरों की टीम को तैनात किया गया है।
यात्रियों की सुरक्षा हेतु रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के साथ गश्त बढ़ाई गई है। यात्रियों को टिकट बुकिंग में सुविधा के लिए विशेष काउंटर लगाए गए हैं। साथ ही, बुजुर्ग एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग से सहायता केंद्र बनाये गए हैं।
रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे के निर्देशों का पालन करें। उचित टिकट लेकर यात्रा करें। रेलवे का प्रयास है कि सभी यात्रियों को एक सहज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा प्रदान की जाए।
