

ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर । सोमवार को एस.के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का 10वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पधारे महामहिम राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को सर्वप्रथम गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। तत्पश्चात, एस. के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक एस.के. मंडल, सचिव मोनी रानी एवं उपस्थित सांसदों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
संस्था के परंपरा के अनुसार, राष्ट्रगान के बाद, संस्थान के निदेशक, सचिव के अलावा राज्यसभा सांसद सह केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, स्थानीय सांसद शाम्भवी चौधरी, महाराजगंज सांसद जनार्दन प्रसाद सिग्रीवाल, सीतामढ़ी सांसद देवेशचंद्र ठाकुर के साथ महामहिम राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
इसके पश्चात चेयरमैन एस.के. मंडल एवं सचिव मोनी रानी ने महामहिम राज्यपाल सहित सभी सम्मानित अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। संस्थान के प्रबंध निदेशक श्री मंडल ने तमाम अतिथियों का स्वागत किया। तदुपरांत उपस्थित नर्सिंग, फार्मेसी एवं पैरा मेडिकल के विद्यार्थियों ने शत प्रतिशत निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ ली।
इस अवसर पर वक्ताओं ने जहां एस.के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की 10 वर्षों की सफल यात्रा की सराहना की, जिसने सुदूर क्षेत्रों में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के प्रकाश का प्रसार किया है। वहीं विद्यार्थियों को पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा का क्षेत्र संपूर्ण रूप से समाज सेवा एवं मानवता की सेवा है। जिसमें धैर्य, समर्पण एवं निष्ठा की प्रतिदिन परीक्षा होती है। इस दौरान अतिथियों ने एस. के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विभिन्न कॉलेजों एवं पाठ्यक्रमों की सराहना की और उनके लाभों पर विस्तृत चर्चा की।
बताते चलें कि एस. के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अंतर्गत संचालित संस्थानों यथा कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन मधेपुरा, कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन पटना, कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज पूर्णिया, विद्यापति इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन समस्तीपुर, कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज समस्तीपुर, कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ आईटी एंड मैनेजमेंट समस्तीपुर, सौम्या कृष्णा एएनएम ट्रेनिंग स्कूल पटना, में नर्सिंग, फार्मेसी, पैरामेडिकल, आईटी एवं मैनेजमेंट सहित विभिन्न प्रकार के व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में कुशल व विशेषज्ञ प्राध्यापकों द्वारा शिक्षण प्रशिक्षण दिये जाते हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि एस.के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस शिक्षा के क्षेत्र में जो योगदान दे रहा है, वह सराहनीय है। इस संस्थान ने बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को बढ़ावा दिया है, जिससे छात्रों को अपने सपनो को साकार करने के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
वहीं महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि इस संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों से युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा मिल रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं। आत्मनिर्भर युवा ही आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करेंगे।
जबकि सीतामढ़ी सांसद देवेशचंद्र ठाकुर ने कहा कि चिकित्सा और शिक्षा का क्षेत्र सेवा का क्षेत्र है। इसमें कार्य करने वाले लोगों को धैर्य, निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना चाहिए। विद्यार्थियों को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने ज्ञान का उपयोग समाज और देश के हित में करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सा से जुडी सेवायें नौकरी या पेशा नहीं है, बल्कि स्वस्थ समाज व स्वस्थ राष्ट्र निर्माण का दायित्व है। इसमें समर्पण और निष्ठा के साथ करूणा और दया की भावना भी महत्वपूर्ण है।
जदयू प्रवक्ता इं. अभिषेक झा ने बिहार में शिक्षा के विकास में एस. के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के योगदान को अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम का संचालन आरजे विजेता नेएवं धन्यवाद ज्ञापन राजीव रंजन सिन्हा ने किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक श्री अशोक मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक श्री संजय पांडेय, अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार, अंचल अधिकारी पल्लवी सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी एवं संस्थान की सभी शाखाओं के हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।