
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश सिंह की अध्यक्षता में हीट वेव से संबंधित समीक्षा बैठक का आयोजन शुक्रवार को समाहरणालय सभागार समस्तीपुर में किया गया। इस अवसर पर श्री सिंह ने आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए हिट वेव की तैयारी के संबंध में कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को पेयजल एवं चापाकल को दुरुस्त रखने हेतु निर्देश दिया। ताकि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या ना रहे।
इसके अतिरिक्त सिविल सर्जन को सभी प्राथमिक चिकित्सा सुविधा सभी जिला अंतर्गत अस्पतालों में रखने, विशेष कर सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र व स्कूलों में ओआरएस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस को सभी आंगनबाड़ी केंद्र पर इसको अनिवार्य रूप से पिलाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा पशुपालन अधिकारी को पशुओं के लिए पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को हिट वेब से बचने हेतु आपदा प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराए गए सामग्री के माध्यम से प्रचार प्रसार करने हेतु निर्देश दिया गया।
इसके अलावा जिला परिवहन पदाधिकारी को दोपहर में सार्वजनिक परिवहन को उचित प्रबंधन के साथ करने हेतु निर्देशित किया गया तथा ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत मनरेगा के मजदूरों को यथासंभव 11:30 बजे पूर्वाह्न से 3:30 बजे अपराह्न तक कार्य नहीं लेने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी सभागार में जबकि क्षेत्रीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।
