
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के तिरहुत कृषि महाविद्यालय ढोली परिसर में सातवें अंतर महाविद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025 का समारोहपूर्वक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों के स्वागत सम्मान की औपचारिकता के बाद सबसे पहले विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय, विशिष्ट अतिथि विश्वजीत दयाल, सिटी एसपी, मुजफ्फरपुर एवं निदेशक छात्र कल्याण डॉ रमन त्रिवेदी ने मशाल जलाकर और गुब्बारे उडा कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. पांडेय कहा, कि यह प्रतियोगिता छात्र-छात्राओं को खेल-खेल में नेतृत्व कौशल, सामुहिक एकता, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित किया गया है। हमें विश्वास है कि सभी खिलाडी अपनी बेहतरतम प्रतिभा व क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण जीवन ही खेल का मैदान है। हार और जीत इसके अभिन्न अंग है। एक दिन की हार-जीत से आपके क्षमता का मुल्यांकन नहीं किया जा सकता। हार और जीत दोनों ही परिस्थितियों में आत्मचिंतन व मंथन करना चाहिए। डाॅ पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय में पिछले दो वर्षों में छात्रों ने देश भर में गेट, नेट सहित कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में सफलता अर्जित किये हैं। 2047 तक देश को विकसित बनाने में आप छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस तथ्य को समझने और इस अनुरूप खुद को तैयार करने की जरूरत है।


वहीं अपने संबोधन में विशिष्ट अतिथि सिटी एसपी मुजफ्फरपुर विश्वजीत दयाल ने कहा कि उनके लिए यह गौरव का क्षण है कि वे अपने ही काॅलेज में विशिष्ट अतिथि बनकर आये हैं। अपने काॅलेज के दिनों की यादें व अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में विश्वविद्यालय में काफी तेजी से प्रगति हुई है। डिजिटल एग्रीकल्चर में विश्वविद्यालय ने कई कीर्तिमान स्थापित किये है जो पूरे देश में हाॅट स्टोरी की तरह चर्चा का विषय है। श्री दयाल ने कहा कि खेल हमें संघर्ष से जीत हासिल करने का हुनर के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व कौशल, सामुहिक प्रयास आदि भी सिखाते हैं। इससे आत्मसात करने की जरूरत है।

इसके पुर्व निदेशक छात्र कल्याण डॉ रमन त्रिवेदी ने स्वागत संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय के कई छात्र देश और विदेश में अच्छे पदों पर कार्यरत हैं, छात्रों को उनसे प्रेरणा लेकर और बेहतर करने का प्रयास करना चाहिए। तिरहुत कृषि महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ राजेश कुमार ने मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन किया।


बताते चलें कि 25 से 27 मार्च तक चलने वाले इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 19 वैयक्तिक एवं सात टीम इवेंट प्रतिस्पर्धाएं आयोजित किए जायेंगे। जिसमें विश्वविद्यालय के आठ महाविद्यालयों के सात सौ से अधिक छात्र छात्राएं अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे।


मौके पर डीन टीसीए डॉ पीपी सिंह, निदेशक अनुसंधान डॉ एके सिंह, निदेशक प्रसार डॉ मयंक राय, निदेशक बीज डाॅ डीके राय, डॉ महेश कुमार, डॉ नवनीत कुमार, डॉ एके मिश्रा, डॉ कुमार राज्यवर्धन समेत विभिन्न प्राध्यापक, वैज्ञानिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

