
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । मार्क इंटरनेशनल स्कूल, मोगलानीचक के प्रांगण में मार्क इंटरनेशनल स्कूल परिसर में एक कदम, अग्रणी शिक्षा की ओर विषयक विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला भर से आए हुए गण-मान्य शिक्षाविदों व शिक्षा शास्त्रीयों ने अग्रणी शिक्षा के बारे में विस्तार से चर्चा की।
इस संध्याकालीन विचार संगोष्ठी में मौसम की बदमिजाजी के कारण हो रहे रिमझिम फुहारों के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। इस विचार संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए स्कूल के निदेशक पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि शिक्षा आधुनिक समाज की नींव है। यह व्यक्ति और समुदाय के लिए बेहतर भविष्य को जन्म देती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और सड़क दोनों की प्रकृति एक जैसी होतत हैं, ये दोनो खुद जहां होते हैं, वहीं रहते हैं मगर दूसरों को उसके मंजिल तक पहुंचा देते हैं।
इस दौरान उन्होंने इस स्कूल के नींव रखने के साथ-साथ स्कूल के चार सालों के क्रियाकलापों व उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा किया। उन्होंने कहा कि इस सुदूर इलाके में इस विद्यालय की स्थापना के बाद इस पिछड़े से इलाके में गरीब मजदूर के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सहज उपलब्ध हुआ है। अच्छी शिक्षा से जीवन में किस तरह से बदलाव आता है यह प्रत्यक्ष देखा जा सकता है।
प्राचार्य पवन कुमार साथी ने अपने संबोधन में श्री पुरूषोत्तम के इस प्रयास की तुलना समाजसेवी महात्मा ज्योतिबाई फूले के इस कथन से किया जिसमें उन्होंने कहा था कि जरूरत पड़े तो एक समय खाकर सो जाओ, घर की थाली-लोटा बेच दो और पत्ते पर खा लो लेकिन बच्चे को शिक्षा अनिवार्य रूप से दो।
इस दौरान उन्होंने अग्रणी शिक्षा पर विस्तार से अपनी बातों को रखा तथा स्कूल के शिक्षकों को भी मार्गदर्शन दिया कि वह किस तरह की शिक्षा दें ताकि आगे आने वाले समय में वह अपने विकास में वह शिक्षा को मिल का पत्थर साबित कर सके। इस अवसर पर पूर्व मुखिया रामदयाल राय, मुखिया धनहर पंचायत पवन राय, पैक्स अध्यक्ष दिलीप कुमार राय आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इसके पुर्व अतिथियों के स्वागत सम्मान एवं दीप जला कर गोष्ठी के उद्घाटन की औपचारिकता के बाद अपोलो डेंटल के निदेशक प्रमुख डॉक्टर ज्ञानेंद्र कुमार ने इस स्कूल की व्यवस्था से सभी को अवगत कराया तथा अपने विचार रखे। सभी अतिथियों का दिल से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया कि वर्षा के बावजूद भी सभी लोगों ने अपना समय निकालकर इस कार्यक्रम में भाग लिया।
इस विचार संगोष्ठी में राकेश कुमार शिक्षक, मनोज कुमार शिक्षक, इस स्कूल के प्राचार्य चंद्रभूषण प्रसाद ठाकुर शिक्षकगण शशि भूषण ठाकुर, अजय कुमार, रंजीत कुमार पोद्दार सहित सभी शिक्षकों ने अपने विचार रखे और स्कूल की शिक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया।
.