
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । केंद्र सरकार द्वारा लाया गया वक्फ बोर्ड संशोधन बिल मुसलमानो के हक ओ हुकूक के खिलाफ है इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के प्रदेश अध्यक्ष सह जिला अध्यक्ष मो मुस्ताक अंसारी ने सोमवार को अपने आवास पर मीडिया कर्मियों से उक्त बातें कही।
उन्होंने बताया कि जबसे केंद्र में एनडीए की सरकार बनी है तब से केन्द्र सरकार द्वारा मुसलमानों को तंग ओ तबाह करने के लिए विभिन्न प्रकार हथकंडा अपनाया जाने लगा है। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार मोदी सरकार ने वक्फ बिल पास किया और कराया है उसे हमारी पार्टी कभी कबूल नहीं करेगी।
सरकार को यह बिल को वापस लेना पड़ेगा। मुस्ताक अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष आदि जैसे संवैधानिक पदासीन लोग सबके लिए होते हैं किसी एक समुदाय के लिए नहीं। यह पहली बार है कि ये सभी अपने पद की मर्यादा के विरुद्ध आचरण कर रहे हैं।
हिंदुस्तान में मुसलमानों के नमाज पर पाबंदी लगाना शुरू कर दिया गया है। इतना ही नहीं अगर कोई मुस्लिम भाई मेला वगैरह में अपनी दुकान लगाते है तो उनसे दुकान पर अपना नेम प्लेट लगाने को कहा जाता है। यह सब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

श्री अंसारी ने कहा कि हिंदुस्तान में जितना अधिकार उनका है उतना ही अधिकार हमारा भी है। वक्फ बिल मामले को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने मुसलमानों के पीठ पर छुरा घोंपने का काम किया है। अगर नीतीश कुमार और आंध्रप्रदेश मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू वक्फ बिल का समर्थन नहीं करते तो यह बिल पास नहीं होता। इसी कारण से जदयू से मुस्लिम नेताओं ने इस्तीफा देना शुरू कर दिया है। आम जनता आगामी विधानसभा चुनाव में इन्हें सबक सिखाएगी।