
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर। समस्तीपुर मंडल द्वारा बिना टिकट/उचित प्राधिकार की यात्रा पर रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। ताकि बिना टिकट/उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों को निरूत्साहित किया जा सके। इसी क्रम में दिनांक 25.03.2025 मंगलवार को समस्तीपुर मंडल के विभिन्न खण्डों पर सुबह 6:00 बजे से रात्रि 22:00 बजे तक 16 घंटे तक किला बंदी विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।





इस दौरान अधिकारियों की अलग-अलग टीम, जिसमे लगभग 205 टिकट जाँचकर्मी एवं आरपीएफ जवान के द्वारा स्टेशन एवं ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया जिसमें बिना टिकट/बिना उचित प्राधिकार के ट्रेनों में यात्रा करने के कुल 4995 मामलों से जुर्माने के रूप में 38.63 लाख की राशि प्राप्त हुई।



इस अभियान के दौरान मंडल के समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, रक्सौल, नरकटियागंज, बापूधाम मोतिहारी, जयनगर, सीतामढ़ी आदि स्टेशनों पर मुख्य रूप से टिकट जांच की गई। इस अभियान में जंक्शन स्टेशन के सभी एफओबी, प्रवेश/निकास द्वार, प्रतीक्षालय एवं प्लेटफार्मों आदि पर विशेष टिकट चेकिंग दस्ते तैनात किए गये।



मंडल मुख्यालय से बताया गया है कि इस तरह के टिकट चेकिंग अभियान मंडल में आगे भी जारी रहेंगे। यात्रियों से अनुरोध है कि कभी भी बिना टिकट रेल यात्रा न करें। सदैव उचित रेल टिकट लेकर उचित श्रेणी में ही रेल यात्रा करें।


