

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत जिला प्रशासन ने मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और अन्य चुनाव सामग्री के संग्रहण की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोशन कुशवाहा ने इस संबंध में विस्तृत आदेश जारी करते हुए बताया कि संपूर्ण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार
मतदान तिथि 6 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है। मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद पीठासीन पदाधिकारी एवं प्रथम मतदान पदाधिकारी अपनी सील की गई ईवीएम और अन्य सामग्री लेकर समस्तीपुर कॉलेज स्थित वज्रगृह (स्ट्रांग रूम) पहुंचेंगे।
संग्रहण प्रक्रिया को सुचारू बनाने हेतु वज्रगृह परिसर में कुल 160 संग्रहण काउंटर स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 15 मुख्य काउंटर और 1 अतिरिक्त काउंटर, यानी 16 टेबल की व्यवस्था की गई है। हर संग्रहण टेबल पर तीन कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो मतदान दलों से निर्धारित सामग्री प्राप्त करेंगे।
सभी सामग्रियों की प्राप्ति के बाद संबंधित मतदान केंद्र के लिए टैली शीट में ✔निशान लगाया जाएगा। वज्रगृह में ईवीएम, वीवीपैट, 17सी और घोषणा पत्र को निर्धारित स्थान पर सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि अन्य पैकेट पंजी में दर्ज कर हस्ताक्षर सहित प्राप्त किए जाएंगे।
ईवीएम संग्रहण केंद्र की पूरी प्रक्रिया की निगरानी और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए, वरिष्ठ पदाधिकारियों को विधानसभा वार प्रभार सौंपा गया है। वज्रगृह प्रभारी पदाधिकारी प्राप्ति काउंटर से आने वाले सभी ईवीएम और कागजातों को सुरक्षित स्थान पर रखवाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
विधानसभा वार वरीय पदाधिकारियों में 131-कल्याणपुर (अ०जा०) श्री विजय कुमार जिला बन्दोबस्त पदाधिकारी, 132-वारिसनगर, 133-समस्तीपुर, 134-उजियारपुर ज्ञान प्रकाश नगर आयुक्त, नगर निगम, 135-मोरवा, 138-विभूतिपुर ब्रजेश कुमार अपर समाहर्ता, 136-सरायरंजन, 137-मोहिउद्दीननगर प्रवीण कुमार जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एवं 139-रोसड़ा (अ०जा०), 140-हसनपुर राजेश कुमार सिंह शामिल हैं।