
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर/सिंघिया । एक लम्बे अर्से बाद जिले को इतराने का मौका मिला जब बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं की परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ। इस में समस्तीपुर की साक्षी कुमारी ने 489 अंक यानी 97.80 हासिल किया है। नरहन जोगिया निवासी बढई का काम करने वाले रामनरेश शर्मा की पुत्री साक्षी की इस सफलता पर सिर्फ नरहन और सिंघिया ही नहीं पूरा जिला खुशी से झूम गया।




बताते चलें कि दसवी की परीक्षा का परिणाम घोषित होते ही साक्षी से मिलने वाले लोगों का तांता लग गया। स्थानीय विधायक, प्रखण्ड प्रमुख, मुखिया, आदि ने साक्षी से मिल कर उसे बधाई और शुभकामनायें दी। इसी बीच मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उसने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता भाई-बहन और शिक्षक को देते हुए कहा कि मैने कभी घडी देखकर पढ़ाई नहीं की।




मैट्रिक परीक्षा में पहली रैंक लाने वाली साक्षी ने कहा मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि मेरी पहली रैंक है। आगे क्या करना चाहती हैं पूछे जाने पर मुस्कुराते हुए कहा कि अभी तो यह पहला पड़ाव है। आगे और अच्छा करना है। मुझे विज्ञान बहुत पसंद है, इसलिए फिलहाल ग्यारहवीं में साइंस ले कर पढुंगी।



इस अवसर पर स्थानीय विधायक अजय कुमार और पूर्व विधायक रामबालक सिंह ने नरहन पहुंचकर साक्षी को प्रोत्साहित करते हुए पाग, शाॅल आदि से सम्मानित किया। बताते चलें कि साक्षी जेपीएनस हाई स्कूल नरहन की छात्रा है, वहीं उसने न्यूटन कोचिंग संस्थान में भी पढाई की है।


विद्यालय के शिक्षक अरविंद कुमार दास कृष्णमूर्ति सहित अन्य शिक्षकों के अलावा अरविंद कुमार कुशवाहा, कांति कुमार, मुखिया राजकुमार शर्मा, पंचायत समिति सदस्य विजय कुमार सहित अन्य दर्जनों लोगों ने बिहार टॉपर बनने पर साक्षी को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।
