
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर। यहां से जाने के बाद स्वरोजगार अपना कर आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनें। इसी दृष्टिकोण से बंदियों को विभिन्न प्रकार के व्यवसायिक प्रशिक्षण दिये जाते हैं। उक्त बातें काराधीक्षक प्रशांत कुमार ओझा ने मंडल कारा समस्तीपुर के बापू सभागार में आशा सेवा संस्थान समस्तीपुर द्वारा व्यावसायिक प्रशिक्षण के दौरान कही।



उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से अर्जित ज्ञान का उपयोग कर आप समाज की मुख्य धारा से जुड़ नये सिरे से जीवन प्रारंभ कर सकते हैं। साथ ही अपने आसपास के लोगों को रोजगार देकर उनका जीवन भी बदल सकते हैं।



बताते चलें कि रविवार को मंडल कारा में व्यावसायिक प्रशिक्षण के अंतर्गत पुरुष बंदियों के बीच खल्ली चौक एवं पीओपी से सामान निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। काराधीक्षक श्री ओझा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संस्थान के सचिव अमित कुमार वर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद सभी को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। जिसका उपयोग यहां से निकलने पर ये अपने आजीविका सृजन के लिए कर सकते है।



इस अवसर पर प्रशिक्षक भोला साह ने कहा कि इसके निर्माण में बहुत कम लागत लगता है और मुनाफा ज्यादा आता है। मौके पर ईडन वेलफेयर ट्रस्ट के चेयरमैन ब्रजेश कुमार मौजूद थे। आगत अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन सहायक अधीक्षक रवि कुमार झा ने किया।।




