
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर। उनका मकसद विधायक, सांसद या मुख्यमंत्री बनना नहीं है, न ही बालू या शराब का ठेका लेना है। मेरी पूरी कोशिश बिहार की मिट्टी का कर्ज चुकाने की है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर आज जन सुराज उद्घोष यात्रा के दौरान विभूतिपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि एक दिन हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र आदि जगहों से लोग रोजगार के लिए बिहार आएं। ऐसा माहौल वे बना कर रहेंगे। उनका प्रयास बिहार के बच्चों सुरक्षित भविष्य देने का है, बच्चों का भविष्य सुधारने का है। इस के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।




बताते चलें कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहार दिवस के अवसर पर जन सुराज उद्घोष यात्रा के क्रम में एक दिवसीय दौरे पर समस्तीपुर पधारे थे। इस दौरान पंसलवा चौक, चकलालशाही, सहबाजपुर, दलसिंगसराय, गोसपुर, तरैया मैदान आदि स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसी क्रम में उन्होंने विभूतिपुर प्रखंड में स्थित सिंघियाघाट दुर्गा मैदान में मौजूद हजारों लोगों को संबोधित किया।





अपने संबोधन के क्रम में जनसुराज सुप्रीमो श्री किशोर ने कहा कि अब आप की बारी है, सारे विकल्प आपके सामने होंगे। यह आपको तय करना है कि आप वोट किसे करेंगे।




आज तक जात-पात, धर्म के नाम पर तो वोट करते आये हैं न, परिणाम भी भुगत रहे हैं। इस बार अपने बच्चों के भविष्य केलिए, उनके लिए समुचित शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार केलिए, विकसित बिहार केलिए वोट कर के देखें।

