
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। मिथिलांचल की हृदय स्थली समस्तीपुर जिला अन्तगर्त बिथान प्रखंड के जगमोहरा स्थित करेह, कमला व कोशी त्रिवेणी संगम तट जगमोहरा में भव्य और दिव्य हरित मिथिला महाकुंभ का उत्साह चरम पर है। 10 मई से 20 मई तक आयोजित इस ग्यारह दिवसीय महाकुम्भ में पहला शाही स्नान 12 मई को धूमधाम से संपन्न हो गया। अब दूसरे शाही स्नान की तैयारी की जा रही है। जो 20 मई को आयोजित है।
इस दौरान स्नान करने वाले श्रद्धालूओं को हरित मिथिला महाकुंभ का प्रतीक चिह्न पौधै प्रदान किये गये। मिथिला महाकुंभ सेवा समिति के संयोजक और परिकल्पना कर्ता पिंटू परदेशी ने बताया कि इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण हेतु वृक्षारोपण का प्रचार प्रसार ग्राम स्तर तक पहुचें।
उन्होंने बताया कि करीब ढाई साल से वे हरित मिथिला महाकुंभ का प्रचार प्रसार करते आ रहे हैं। जिसका परिणाम है कि आज कुंभ स्नान के लिए जनसैलाब त्रिवेणी संगम घाट जगमोहरा पहुंच रहे हैं।
हरित मिथिला महाकुंभ के संयोजक श्री परदेशी ने बताया की मिथिला महाकुंभ मेला आयोजन का उद्देश्य मिथिला में पर्यटन विकास व सांस्कृतिक विकास से रोजगार सृजन, प्राकृतिक चिकित्सा के द्वारा स्वास्थ्य पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना है। ताकि क्षेत्र में युवाओं केलिए रोजगार की संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त हो सके।
बताते चलें कि विगत 10 मई को हसनपुर विधानसभा के पूर्व विधायक सुनील कुमार पुष्पम ने त्रिवेणी संगम तट जगमोहरा में मिथिला महाकुम्भ का भ्रमण व निरीक्षण किया था। वहीं 12 मई को बिहार सरकार के पूर्व मंत्री व वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने मिथिला महाकुम्भ जगमोहरा में सिरकत कर संयोजक पिंटू परदेशी एवं महाकुम्भ आयोजन में सम्मिलित लोगों का अभिवादन करते हुए हौसला अफजाई किया।