
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
दलसिंहसराय। पर्यावरण का हमारे जीवन में बेहद महत्वपूर्ण स्थान है। इसकी रक्षा करना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। आरएल महतो बीएड काॅलेज के निदेशक प्रशांत पंकज ने मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में आयोजित पर्यावरण संरक्षण जागरुकता अभियान के दौरान उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण से हमें स्वच्छ हवा, शुद्ध पानी और स्वस्थ भोजन मिलता है। हमारी लापरवाही, लालच और भोग लिप्सा के कारण पर्यावरण बहुत प्रदूषित हो गया है। जिसकी वजह से भीषण गर्मी, दूषित हवा, प्रदूषण व बीमारियों का फैलाव हो रहा है। इसके लिए हम सभी को वातावरण शुद्ध बनाये रखने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
बताते चलें कि मंगलवार को स्थानीय रामपुर जलालपुर स्थित राम लखन महतो इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन परिसर में महाविद्यालय के निदेशक प्रशांत कुमार पंकज के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान लोगों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुडे संदेशों वाली तख्ती थामे पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ आदि नारे लगाए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना, महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ, हरित एवं आमलोगों को पर्यावरण के प्रति प्रेरित करना इस अभियान का उद्देश्य है। हमारी पृथ्वी पर बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों की कमी ने पर्यावरण संरक्षण को जरूरी बना दिया है।
उन्होंने कहा कि इसके बिना हमारे भविष्य के अस्तित्व और जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। मौके पर मौजूद महाविद्यालय के सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रयासरत रहने के लिए शपथ दिलाई गई।
इस अभियान में योगेश कुमार, पल्लव पारस, प्राची अग्रवाल, रूपक कौशल, रश्मि रोजी, दिनेश मिश्रा, अजय शर्मा, संतोष सुमन, श्वेता कर्ण, किरण चौधरी, साक्षी झा, काजल कुमारी सहित अन्य शामिल थे।