
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर/ताजपुर (एसएनबी)। दिल्ली पब्लिक स्कूल ताजपुर के छात्रों ने सीबीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस बाबत जानकारी देते हुए डीपीएस के निदेशक हाजी मसूद हसन ने बताया कि इस वर्ष कुल 27 छात्रों ने इस परीक्षा में भाग लिया था। जिनमे से 25 छात्रों ने प्रथम तथा 02 छात्रों ने द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्णता हासिल की है। इस तरह विद्यालय का समग्र परिणाम 100 फीसद रहा, जो उत्कृष्टता प्रतीक है।
इनमें से फरजूक हसन 95.8 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल टाॅपर रहे, वहीं असद फिरोज ने 93.6 तथा पल्लवी यादव ने 92.6 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरे व तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। इसके अलावा निवेदिता 91.2, निशान्त कुमार 90.4, अंकित राज 88.8, सक्षम सुमन 86.6, सूरज कुमार 86, सहित 17 छात्रों ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं। सभी सफल छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल के मार्गदर्शन, शिक्षकों स्नेहिल सहयोग और अपने परिवार के समर्थन को दिया है।
परीक्षा परिणाम की घोषणा के बाद हाजी मसूद ने कहा, हमारे छात्रों ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। विद्यालय के शिक्षकों की विद्यालय के शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति समर्पण, प्रतिबद्धता और उनके मेहनत ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैं सभी छात्रों को बेहतरतम उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
उन्होंने कहा, कि हम न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने बल्कि छात्रों को समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धतापूर्वक संकल्पित हैं। यह परीक्षा परिणाम हमारी इस प्रतिबद्धता का प्रमाण है। सीबीएसई की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणामों की घोषणा के बाद, स्कूल परिसर में उत्साह का माहौल है। इस दौरान अभिभावकों और छात्रों ने भी स्कूल प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि मुश्किल वक्त में भी विद्यालय प्रबंधन ने ऑनलाइन और ऑफलाइन शिक्षण के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की।