

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। हर वर्ष पूरे विश्व में लगभग 80 लाख लोगों की मृत्यु तंबाकू या तंबाकू उत्पादों के किसी न किसी रूप में सेवन करने से होती है। जिसमें से साढ़े 13 लाख मौतें सिर्फ भारत वर्ष में होती है। तंबाकू का सेवन करने वाले हर दो लोगों में से एक की मृत्यु का कारण तंबाकू ही बनता है।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा समस्तीपुर रेल परिसर में तंबाकू मुक्ति प्रदर्शनी के दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके तरुण ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि आंकड़े बताते हैं कि हर 6 सेकंड में एक मृत्यु का कारण तंबाकू का किसी भी रूप में सेवन करना है। याद रखिए हर एक सिगरेट का सेवन हमारी आयु 11 मिनट कम कर जाती है।
उन्होंने बताया कि तंबाकू से हमारे शरीर, विचार, परिवार, पर्यावरण, अर्थव्यवस्था सभी को भयंकर दुष्परिणाम झेलने पड़ते हैं। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय इस क्षेत्र में विगत लगभग 40 वर्षों से देश भर में कार्य कर रहा है। यहां के द्वारा सिखाये जाने वाले राजयोग मेडिटेशन से किसी भी प्रकार के नशे से मुक्त होने में शत प्रतिशत सफलता मिलती है।
इसी सफलता को देखते हुए भारत सरकार ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को इसके बारे में जागरूक करने के लिए ब्रह्माकुमारीज़ को अपना सहभागी बनाया है। पिछले वर्ष ही मिशन स्पंदन के तहत भारत सरकार के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नशे के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए ब्रह्माकुमारीज़ के साथ एमओयू साइन किया।
इसी कड़ी में समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर भी विगत 25 वर्षों से हर वर्ष यह प्रदर्शनी लगाई जाती है, जिसके द्वारा सैकड़ों लोगों ने अब तक व्यसन को छोड़ने का संकल्प लिया है। बताते चलें कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा समस्तीपुर रेल परिसर में तंबाकू मुक्ति प्रदर्शनी लगाई गई। स्वागत सम्मान की औपचारिकता के बाद सीनियर डीओएम विजय प्रकाश ने दीप प्रज्वलन कर प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सीनियर डीओएम विजय प्रकाश ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ यह सेवा कार्य नि:स्वार्थ भाव से कर रही है। हम सबको इससे जुड़कर इनके कार्यों में मददगार बनना चाहिए।
सविता बहन ने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया। ओम प्रकाश भाई ने तंबाकू मुक्ति का संकल्प एवं प्रदर्शनी का अवलोकन भी कराया। कृष्ण भाई ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान अनेक लोगों ने दान पेटी में तंबाकू, सिगरेट आदि डालकर इसे छोड़ने का संकल्प किया। मौके पर स्टेशन मैनेजर विमल कुमार सिंह, रेलवे के कई अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित बड़ी संख्या में यात्रीगण भी उपस्थित थे।